HomeBreaking Newsचांडिल-मुरी रेलखंड के दोहरीकरण को हरी झंडी, 897.56 करोड़ रुपये की लागत...

चांडिल-मुरी रेलखंड के दोहरीकरण को हरी झंडी, 897.56 करोड़ रुपये की लागत से सुधरेगी रेल कनेक्टिविटी

रांची: झारखंड में रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। चांडिल से मुरी के बीच 59.49 किलोमीटर लंबे रेलखंड के दोहरीकरण को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर 897.56 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके पूरा होने से रांची, टाटानगर और हावड़ा के बीच रेल परिचालन पहले से अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

रेलवे बोर्ड के निदेशक (गति शक्ति सिविल-1) दीपक सिंह ने दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र जारी कर परियोजना को राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने की जानकारी दी है। रेल मंत्रालय के वित्त निदेशालय से भी इस परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है।

रांची से टाटानगर जाने में बचेगा समय

फिलहाल चांडिल-मुरी रेलखंड सिंगल लाइन होने के कारण ट्रेनों को क्रॉसिंग के लिए छोटे स्टेशनों और आउटर सिग्नल पर इंतजार करना पड़ता है। इससे कई बार ट्रेनों के परिचालन में देरी होती है।

दोहरीकरण पूरा होने के बाद ट्रेनों को क्रॉसिंग के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इससे रांची से टाटानगर के बीच यात्रा में करीब 30 मिनट की बचत होने का अनुमान है। साथ ही हावड़ा और दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों के परिचालन को भी लाभ मिलेगा।

160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के अनुरूप तैयार होगा रेलखंड

रेलवे की योजना इस रेलखंड को 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति के अनुरूप विकसित करने की है। इससे भविष्य में ट्रेनों की गति बढ़ाने और परिचालन क्षमता में सुधार करने में मदद मिलेगी।

मुरी-बरकाकाना रेलखंड का भी होगा दोहरीकरण

चांडिल-मुरी के साथ मुरी-बरकाकाना रेलखंड के दोहरीकरण की भी योजना है। करीब 58 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है। हालांकि, इसके लिए अभी मंजूरी का इंतजार है।

दोनों रेलखंडों का दोहरीकरण होने से रांची और आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे यात्री ट्रेनों के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों में मालगाड़ियों का परिचालन भी अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments