गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में ससुर और बहू की दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव के सूंडीटोला में सोमवार तड़के शुकर मंडल और उनकी बहू शीला देवी की धारदार हथियार (टांगी) से हमला कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी बासुदेव मंडल को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे एकतरफा प्रेम और पुरानी रंजिश की बात सामने आई है।
एक साल से शीला का पीछा कर रहा था आरोपी
मृतका शीला देवी की मां कलावती देवी ने आरोप लगाया कि बासुदेव मंडल पिछले करीब एक साल से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। शीला ने कई बार उसे ऐसा करने से मना किया, लेकिन वह पीछा करना नहीं छोड़ रहा था।
परिजनों के अनुसार, आरोपी ने पहले शीला के ससुराल के मकान में आग लगा दी थी। इसके बाद जब शीला अपने पति के पास गुजरात के सूरत चली गई, तो आरोपी वहां भी पहुंच गया। आरोप है कि उसने सूरत में शीला पर चाकू से हमला किया था।
दीपावली के आसपास हुआ था समझौता
परिजनों ने बताया कि गांव लौटने के बाद भी आरोपी की ओर से शीला को परेशान किया जाता रहा। मामले को लेकर थाने में शिकायत के बाद दीपावली के आसपास दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ।
तड़के 3 से 4 बजे घर पहुंचा आरोपी
आरोप है कि सोमवार तड़के करीब 3 से 4 बजे बासुदेव मंडल शीला के घर पहुंचा। वहां पहले शीला के ससुर शुकर मंडल के साथ विवाद हुआ। इसके बाद उसने टांगी से शुकर मंडल पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने पहुंची शीला देवी पर भी आरोपी ने ताबड़तोड़ वार किए। हमले में दोनों की मौत हो गई।
विद्यासागर रेलवे स्टेशन से हुई गिरफ्तारी
घटना के बाद गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। डीएसपी आरके राणा के नेतृत्व में पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। आखिरकार पुलिस ने आरोपी बासुदेव मंडल को करीब 12 घंटे के भीतर विद्यासागर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कर रही है पूछताछ
डीएसपी आरके राणा के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के वास्तविक कारणों और अन्य पहलुओं की जांच जारी है। दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में आक्रोश फैल गया था। डुमरी विधायक जयराम महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे थे और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।

