गुमला: गुमला जिले के पालकोट रोड पर मंगलवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कार्तिक उरांव कॉलेज के पास रात करीब 2:30 बजे एक ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसके बाद ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से जा टकराया। टक्कर के तुरंत बाद ट्रक में आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में ट्रक चालक को बाहर निकलने का अवसर नहीं मिल सका और उसकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है और कार में सवार लोगों की स्थिति के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

