नई दिल्ली। नई दिल्ली में आज विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की अहम बैठक होनी है। बैठक कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होगी। इसमें स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर आगे की रणनीति पर चर्चा होने की उम्मीद है। चुनाव आयोग के भीतर मतभेदों की हालिया रिपोर्टों के बाद यह मुद्दा और गरमा गया है।
बैठक में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव शामिल नहीं होंगे। उनकी पार्टी का प्रतिनिधित्व सांसद हरेंद्र मलिक और मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी करेंगे।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नई दिल्ली में हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त पर तीखा हमला बोला। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को भाजपा की “कठपुतली” करार दिया। खड़गे ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि पिछले 12 सालों में सोची-समझी साजिश के तहत लोकतंत्र की मज़बूत बुनियाद को खोखला किया गया है। उनके मुताबिक वोटर लिस्ट से नाम हटाए जा रहे हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के उसूलों के खिलाफ है। इन उसूलों के तहत हर योग्य नागरिक का वोट सुरक्षित रहना चाहिए और हर वोट बिना भेदभाव के गिना जाना चाहिए।
खड़गे ने यह भी कहा कि 2027 में पांच राज्यों में चुनाव होने हैं। इसलिए यह सुनिश्चित करना ज़रूरी है कि किसी भी मतदाता के अधिकार का उल्लंघन न हो। उन्होंने कहा कि पार्टी को यह पक्का करना चाहिए कि हर व्यक्ति का वोट सुरक्षित रहे और चुनाव निष्पक्ष हों, ताकि चुनावी प्रक्रिया में आम लोगों का भरोसा बना रहे।

