HomeBreaking Newsसिद्धि प्राप्ति और अंधविश्वास के चक्कर में मौसी ने ही दी मासूम...

सिद्धि प्राप्ति और अंधविश्वास के चक्कर में मौसी ने ही दी मासूम भतीजी की बलि, तीन गिरफ्तार

-अमावस्या की रात तंत्र-मंत्र के लिए नाबालिग की निर्मम हत्या, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
-चतरा में इंसानियत शर्मसार, झाड़-फूंक और सिद्धि के लिए बच्ची कि हत्या में प्रयुक्त खून से सने हथियार व तंत्र सामग्री बरामद
गीतांजलि/उज्ज्वल दुनिया संवाददाता
चतरा: झारखंड के चतरा जिले से अंधविश्वास और क्रूरता की रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और सिद्धि प्राप्त करने के अंधविश्वास में एक महिला ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर अपनी ही नाबालिग भतीजी की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मौसी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सने हथियार और तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

दीपावली के दौरान लापता हुई थी बच्ची

समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि बीते 11 नवंबर को प्रतापपुर थाना क्षेत्र की चन्द्रि गोविंदपुर पंचायत के चट्टी अनंतपुर गांव निवासी सिताबिया देवी ने अपनी नाबालिग बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की और एसडीपीओ चतरा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया।

48 घंटे में सुलझी हत्या की गुत्थी

एसपी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को बच्ची का शव उसके घर से महज 150 मीटर पश्चिम दिशा में झाड़ियों और धान के खेत से बरामद किया गया। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी व वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची की मौसी सोहरी देवी घर में ओझा-गुनी और झाड़-फूंक का काम करती थी। एसपी के मुताबिक, कथित तौर पर सिद्धि प्राप्त करने के अंधविश्वास में उसने अमावस्या की रात अपने भैसुर बिंदु भारती और भतीजे जुगेश भारती के साथ मिलकर बच्ची की हत्या कर दी। जांच में मृतका के माता-पिता और आरोपियों के बीच पहले से आपसी विवाद होने की बात भी सामने आई है।

खून से सने हथियार और तंत्र-मंत्र की सामग्री बरामद

पुलिस ने घटनास्थल और मुख्य आरोपी सोहरी देवी के घर से हत्या तथा कथित तंत्र-मंत्र से जुड़ी कई सामग्रियां बरामद की हैं। इनमें खून लगा हसुआ, खून लगी करणी, लोहे की छेनी, लाल रंग की टूटी चूड़ियां और बाली, खून लगा पलाश का पत्ता और घास तथा बच्ची के कपड़े शामिल हैं।

इसके अलावा सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप और हल्दी जैसी सामग्री भी जब्त की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

एसआईटी ने किया मामले का खुलासा

इस हत्याकांड के उद्भेदन के लिए गठित एसआईटी में प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन सहित पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। एसपी ने मामले का खुलासा करते हुए कहा कि अंधविश्वास जैसी कुरीति के कारण एक मासूम बच्ची की जान चली गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments