गिरिडीह: जिले के देवरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब और बीयर बरामद की है। चतरो-महतोटांड़ मुख्य मार्ग पर सांखो गांव के पास पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 902 बोतल शराब और 450 कैन बीयर जब्त की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, शराब की यह खेप बिहार ले जाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पिकअप चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार को सूचना मिली थी कि देवरी थाना क्षेत्र के रास्ते एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने सांखो गांव के पास संदिग्ध पिकअप वाहन (BR 39 K 8566) को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली।
अलग-अलग ब्रांड की शराब और बीयर बरामद
तलाशी के दौरान पिकअप से अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, वाहन से रॉयल चैलेंज फाइनस्ट प्रीमियम व्हिस्की की 72 बोतल, रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की की 280 बोतल और आइकॉनिक व्हाइट एलीट इंटरनेशनल ग्रेन व्हिस्की की 550 बोतल मिली।
इसके अलावा किंगफिशर स्ट्रांग क्लासिक प्रीमियम बीयर की 450 कैन भी बरामद की गई। पुलिस ने बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 450 लीटर बताई है।
बिहार सीमा से जुड़े मार्गों पर बढ़ाई निगरानी
एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि अवैध शराब के परिवहन और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। खासकर बिहार सीमा से जुड़े इलाकों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है।
उन्होंने कहा कि शराब की तस्करी और इसके परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चालक की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस ने शराब के साथ पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है। मामले में देवरी थाना कांड संख्या 87/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और बिहार में इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।


