HomeBreaking Newsप्रेमी की खौफनाक अंत: लड़की के बुलाने पर झारखंड पहुंचे 16 वर्षीय...

प्रेमी की खौफनाक अंत: लड़की के बुलाने पर झारखंड पहुंचे 16 वर्षीय किशोर की बेरहमी से हत्या

गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर 16 वर्षीय किशोर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद आरोपियों ने शव के तीन टुकड़े कर घर के पीछे जमीन में दफना दिया। गुरुवार को इंसान का कटा हुआ पैर मिलने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

मृतक की पहचान बिहार के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के मोरियाडीह निवासी मथुरा रविदास के 16 वर्षीय पुत्र मिथुन कुमार दास उर्फ कारू दास के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल के निर्देश पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, इंस्पेक्टर बमबम कुमार और थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस ने जमीन की खुदाई कर शव के अवशेष बरामद किए।

पुलिस ने मामले में पहाड़पुर निवासी जगदीश दास, उसकी पत्नी और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मिथुन का जगदीश दास की बेटी के साथ करीब एक साल से प्रेम संबंध था।

परिजनों का आरोप है कि रविवार को लड़की के बुलाने पर मिथुन पहाड़पुर पहुंचा था। इसके बाद उसे बहाने से घर के अंदर बुलाया गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को तीन टुकड़ों में काटकर आरोपियों के घर के पीछे जमीन में दफना दिया गया। परिजन अपने स्तर से मिथुन की तलाश कर रहे थे। बुधवार को उसके पिता भी पहाड़पुर पहुंचे थे, लेकिन उस समय उन्हें कोई सुराग नहीं मिला।

गुरुवार को दोबारा तलाश के दौरान एक कटा हुआ पैर मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। खुदाई के दौरान जमीन के अंदर शव के अवशेष बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि दफन शव के कुछ हिस्सों को जंगली जानवरों या कुत्तों ने बाहर खींच लिया था। आसपास दुर्गंध फैलने के बाद लोगों को शक हुआ। पुलिस को आरोपी के घर के अंदर खून के धब्बे मिलने की बात भी सामने आई है।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए और आक्रोश में जमकर हंगामा किया। इस दौरान आरोपियों के साथ मारपीट की भी सूचना है। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करते हुए तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। घटना के बाद पहाड़पुर गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।

एसडीपीओ ने बताया कि शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग के कारण हत्या किए जाने की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, खून के निशान और हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments