रांची। राजधानी रांची के कोकर स्थित गढ़ाटोली में शुक्रवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तनवीर उर्फ बाबू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि होटल में खाना खाने के दौरान उसका अपने दोस्त शाहरुख कुरैशी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि शाहरुख ने तनवीर पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल तनवीर को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
होटल में खाना खाने के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, तनवीर और शाहरुख शुक्रवार शाम से ही एक साथ थे। देर रात करीब 11 बजे दोनों कोकर के गढ़ाटोली स्थित एक होटल में खाना खा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर शाहरुख ने कथित तौर पर हथियार निकालकर तनवीर को गोली मार दी।
गोली लगने से तनवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस ने आरोपी दोस्त को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। वहीं, त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार अहले सुबह आरोपी शाहरुख कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया।
सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में दोनों के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।

