अजय निराला/उज्जवल दुनिया संवाददाता
हजारीबाग। सीसीएल हजारीबाग कोयला क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत CISF CCL NK & Piparwar एवं CCL Charhi की संयुक्त टीम ने रविवार को इंद्रा ग्राम, तापिन परियोजना क्षेत्र में व्यापक रुप से छापेमारी एवं तलाशी अभियान चलाकर 129.730 टन अवैध रूप से भंडारित कोयला को जब्त किया। बरामद कोयले का अनुमानित मूल्य ₹3,13,687.14 है, जिसकी गणना ₹2,418 प्रति टन की दर से की गई है। यह कार्रवाई अमित कुमार, कमांडेंट, CISF NK & Piparwar के निर्देश पर गठित टीम द्वारा की गई। टीम ने रविवार 04 अक्टूबर 2026 को लगभग 10:30 बजे से 14:00 बजे तक इंद्रा ग्राम एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन छापेमारी एवं तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान इंद्रा ग्राम में अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से कोयला एकत्रित कर भंडारित किए जाने की जानकारी मिली। चिन्हित स्थलों पर कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने कुल 129.730 टन कोयला जब्त किया। सीआईएसएफ के कमांडेंट ने बताया कि इंद्रा में बहुत दिनों से कोयले का अवैध कारोबार चल रहा था। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से पूर्व क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से सर्विलांस किया गया था। ड्रोन निगरानी के दौरान संदिग्ध स्थलों को चिन्हित एवं मार्क किया गया। इसके बाद CISF एवं CCL की संयुक्त टीम ने चिन्हित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया, जहां बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित कोयला पाया गया। बरामद कोयले को तापिन वेट ब्रिज (WB) पर ले जाकर वजन कराया गया तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद CCL Charhi, हजारीबाग को सुपुर्द किया गया। बरामद कोयले के संबंध में MMDR Act, 1957 के प्रावधानों एवं अन्य नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई के दौरान उप कमांडेंट दिनेश कुमार तथा कल्याणी प्रसाद, महाप्रबंधक, सीसीएल चरही लगातार घटनास्थल पर मौजूद रहे और अभियान के दौरान आवश्यक समन्वय एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। इस संयुक्त अभियान में उप कमांडेंट दिनेश कुमार, सहायक कमांडेंट हर्ष लावण्या, आर.एन. सिंह, प्रोजेक्ट ऑफिसर, चरही, एम.के. सिंह, प्रोजेक्ट ऑफिसर, 41 नंबर, इंस्पेक्टर संतोष बिन्हा, CCL AREA Security incharge डॉ रंजीत कुमार बिमल, CCL Security, SI/Exe अनिल कुमार राय, SI राजेश कुमार, Crime Intelligence Wing (CIW) एवं अन्य CISF बल सदस्य शामिल रहे।अभियान के दौरान आर.एन. सिंह, प्रोजेक्ट ऑफिसर, तापिन साउथ द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश एवं समन्वय प्रदान किया गया। वहीं कल्याणी प्रसाद, महाप्रबंधक, CCL Charhi, हजारीबाग द्वारा भी अभियान में आवश्यक सहयोग एवं समन्वय किया गया। अमित कुमार, कमांडेंट, CISF NK & Piparwar ने कहा कि CISF कोयले की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अवैध कोयला खनन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उच्चतर गठन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप अवैध कोयले के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ड्रोन सर्विलांस के माध्यम से क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है। संदिग्ध स्थलों को चिन्हित करने के बाद वहां अवैध रूप से एकत्रित कोयले के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इंद्रा ग्राम में की गई कार्रवाई के बाद तापिन नॉर्थ के 41 नंबर क्षेत्र में भी CISF एवं CCL की संयुक्त टीम द्वारा कोयला रेड एवं तलाशी अभियान जारी है। इस कार्रवाई के दौरान जब्त किए जाने वाले कोयले की मात्रा एवं अन्य विवरण कार्रवाई पूर्ण होने के बाद साझा किए जाएंगे। अमित कुमार, कमांडेंट, सीआईएसएफ और सीसीएल हजारीबाग कोयला क्षेत्र के प्रभारी वरीय सुरक्षा पदाधिकारी डॉ रंजीत कुमार विमल ने कहा कि सीआईएसएफ और सीसीएल द्वारा अवैध कोयला खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा।



