HomeBreaking Newsएशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर रांची लौटीं झारखंड की बेटियां, CM हेमंत...

एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर रांची लौटीं झारखंड की बेटियां, CM हेमंत सोरेन ने बढ़ाया हौसला

रांची: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम को ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिलाने वाली झारखंड की चार खिलाड़ियों ने रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान टीम की कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों से एशियन गेम्स की तैयारियों, प्रतियोगिता के अनुभव और शानदार प्रदर्शन के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स में झारखंड की बेटियों का योगदान राज्य और देश के लिए गर्व की बात है।

‘झारखंड के खेल इतिहास में जुड़ा नया अध्याय’

हेमंत सोरेन ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और अदम्य जज्बे से देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से झारखंड के खेल इतिहास में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन खिलाड़ियों की सफलता राज्य के युवाओं और खासकर बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी उत्साह, लगन और समर्पण के साथ देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार झारखंड में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

अब ओलंपिक पर नजर

एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफाई कर लिया है। कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि टीम अब ओलंपिक में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लक्ष्य के साथ तैयारी करेगी।

मुलाकात के दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी। मौके पर हॉकी झारखंड के डीजी विजय शंकर सिंह, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच सह झारखंड के सीईओ रजनीश कुमार और महासचिव मनोज कुमार प्रसाद भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments