HomeBreaking Newsटाटीसिलवे स्टेशन पर 15 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा...

टाटीसिलवे स्टेशन पर 15 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से बिहार तक फैला था नेटवर्क

रांची। दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आरपीएफ ने ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस से 15 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 7.50 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपित उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले हैं।

हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस में चलाया गया जांच अभियान

आरपीएफ के अनुसार, आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची और आरपीएफ पोस्ट रांची की संयुक्त टीम विशेष जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान ट्रेन संख्या 18624 हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के टाटीसिलवे स्टेशन पहुंचने पर उसके पिछले जनरल कोच में जांच की गई। इस दौरान चार व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर उन्हें पकड़कर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान तीन आरोपितों के पास मौजूद तीन बैग से कुल 15 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में डीडी किट के माध्यम से मादक पदार्थ की पुष्टि की गई। आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जितेंद्र, सनी और वर्मा के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के निवासी हैं। वहीं, चौथे आरोपित की पहचान विशाल यादव के रूप में हुई है, जो बिहार के पश्चिम चंपारण का रहने वाला है।

ओडिशा के बलांगीर से मंगाया गया था गांजा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने गांजा तस्करी के नेटवर्क को लेकर अहम जानकारी दी है। उनके अनुसार, गांजा ओडिशा के बलांगीर से विशाल यादव ने मंगवाया था। इसके बाद जितेंद्र, सनी और वर्मा के माध्यम से इसे पटना के रास्ते बिहार के चंपारण क्षेत्र तक पहुंचाने की योजना थी। इस काम के बदले आरोपितों को आर्थिक लाभ दिया जाना था।

प्रताप सिंह नेगी के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई रांची के सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रताप सिंह नेगी के निर्देशन और पर्यवेक्षण में की गई। आरपीएफ फ्लाइंग टीम के उपनिरीक्षक रवि शेखर ने टीम के साथ अभियान को अंजाम दिया।

बरामद गांजे का मौके पर विधिवत वजन किया गया। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में गांजे की पैकिंग और सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई।

बाद में चारों गिरफ्तार आरोपितों को जब्त गांजे, तीन बैग, चार मोबाइल फोन और जब्ती से संबंधित दस्तावेजों के साथ लिखित शिकायत सहित राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी), रांची को सौंप दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जीआरपी की ओर से की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments