दुबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को श्रीलंका को 72 रनों से हराकर महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। यह भारतीय टीम का कुल आठवां महिला एशिया कप खिताब और टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में चौथा खिताब है। हालांकि, मैच के बाद प्रेजेंटेशन समारोह में भारतीय खिलाड़ियों ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इंकार कर दिया।
स्मृति और शैफाली की शानदार पारियां
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम की जीत की नींव स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा की अर्धशतकीय पारियों ने रखी। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद श्री चरणी ने चार विकेट लेकर श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। भारतीय टीम ने एकतरफा मुकाबले में श्रीलंका को 72 रनों से शिकस्त दी।
प्रेजेंटेशन समारोह में क्या हुआ?
- मैच के बाद प्रेजेंटेशन समारोह में मोहसिन नकवी ने श्रीलंका की उपविजेता टीम को चेक प्रदान किया।
- इसके बाद वह वहां से निकल गए और प्रेजेंटेशन समारोह समाप्त हो गया।
- भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर उपविजेता टीम की कप्तान चमारी अथापथु के साथ प्रेजेंटेशन के लिए मंच पर नहीं गईं।
- भारतीय टीम के ट्रॉफी उठाने का कोई फुटेज प्रसारित नहीं हुआ।
- आमतौर पर खिताबी जीत के बाद होने वाली कॉन्फेटी या आतिशबाजी भी इस समारोह में नजर नहीं आई।
- प्रेजेंटेशन से पहले भारतीय टीम आपस में चर्चा करती दिखी। इस दौरान हेड कोच अमोल मजूमदार खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे।
अमोल मजूमदार ने क्या कहा?
भारतीय टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि बीसीसीआई ने जो फैसला किया है, टीम उसका सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि सीरीज समाप्त हो चुकी है और उनके लिए यही काफी है।
BCCI अधिकारियों ने खिलाड़ियों को दी बधाई
बीसीसीआई के सचिव देवाजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा को ‘फील्डर ऑफ द मैच’ का मेडल प्रदान किया। नंदनी ने मुकाबले में दो कैच लिए थे। सैकिया ने खिलाड़ियों से बातचीत कर टीम को शानदार जीत की बधाई दी।
2025 में भी हुआ था ऐसा
पिछले साल 2025 में पुरुष एशिया कप के फाइनल के बाद भी भारतीय खिलाड़ियों ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इंकार किया था। उस समय भी इस मामले को लेकर काफी विवाद हुआ था। भारत ने अमीरात क्रिकेट बोर्ड से ट्रॉफी दिलाने की बात कही थी, लेकिन नकवी ने इससे इंकार कर दिया था।

