14 माइल के पास एम्बुश लगाकर पकड़ा गया ट्रक, चालक नहीं दिखा सका वैध दस्तावेज; बड़कागांव में अवैध कोयला खनन और परिवहन जारी रहने पर विभागों की कार्यशैली पर उठे सवाल
अजय निराला/उज्ज्वल दुनिया संवाददाता
हजारीबाग। जिले में अवैध कोयला खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में CISF की एनटीपीसी-सीएमपी इकाई, हजारीबाग की टीम ने गुरुवार, 26 नवंबर की अहले सुबह चरही थाना क्षेत्र के 14 माइल के पास कोयला लदा एक ट्रक जब्त किया। ट्रक सहित कोयले का कुल वजन 55.910 मीट्रिक टन दर्ज किया गया है। जांच के दौरान चालक कोयले के वैध परिवहन से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
CISF से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बादम कोयला खनन परियोजना क्षेत्र से निकाले गए कोयले को सेहदा गांव स्थित एक कथित अवैध भंडारण स्थल से ट्रक में लोड कर परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर CISF की एनटीपीसी-सीएमपी इकाई ने कार्रवाई की योजना बनाई।
उप कमांडेंट सुरेश के निर्देशन और सहायक कमांडेंट संजीव कुमार मीणा की उपस्थिति में CISF की टीम ने 25 नवंबर की रात करीब 9 बजे से चरही थाना क्षेत्र के 14 माइल के पास बादम कोयला खनन परियोजना की ओर से आने वाले मार्ग पर एम्बुश लगाया। गुरुवार, 26 नवंबर की सुबह करीब 3:17 बजे टीम को कोयला लदा एक ट्रक आता दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल मौके पर तैनात त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT) को दी गई।
इसके बाद QRT और एम्बुश पार्टी के जवानों ने संयुक्त रूप से ट्रक को रोककर जांच की। चालक से कोयले के वैध परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रक को कोयले सहित जब्त कर लिया गया।
ट्रक सहित कुल वजन 55.910 मीट्रिक टन
जब्त ट्रक को CISF के जवानों की सुरक्षा और निगरानी में एनटीपीसी पकरी बरवाडीह स्थित कांटा घर ले जाया गया। वहां वजन कराने पर ट्रक सहित कोयले का कुल वजन 55.910 मीट्रिक टन दर्ज किया गया। इस मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 यानी MMDR Act के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
CISF ने अभियान में स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग की सराहना की है। बल के अनुसार, ग्रामीणों से मिलने वाली महत्वपूर्ण सूचनाएं अवैध कोयला खनन, भंडारण और परिवहन जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मददगार साबित हो रही हैं। CISF ने स्पष्ट किया है कि ऐसी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
CISF की कार्रवाई के बावजूद अवैध कोयला कारोबार जारी
इधर, जानकार सूत्रों का कहना है कि CISF की लगातार कार्रवाई के बावजूद बड़कागांव थाना क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और परिवहन का काम रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इससे स्थानीय पुलिस, वन विभाग, जिला खनन विभाग और संबंधित विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, अवैध कोयला खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाकर CISF अब तक डेढ़ दर्जन से अधिक वाहनों और हजारों टन कोयले को जब्त कर चुकी है। इसके बावजूद क्षेत्र में अवैध कारोबार जारी रहने की बात सामने आ रही है।
गुरुवार की देर शाम चरही थाना क्षेत्र के बासाडीह स्थित कथित अवैध कोयला डिपो में भी CISF की ओर से छापेमारी अभियान चलाए जाने की सूचना है। वहीं, स्थानीय पुलिस की ओर से इस दिशा में कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे अवैध कोयला खनन और परिवहन के मामलों ने संबंधित विभागों की जवाबदेही पर बहस तेज कर दी है।

