HomeStatesयूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 16 IAS और 4 PCS अधिकारियों का...

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 16 IAS और 4 PCS अधिकारियों का तबादला, छह जिलों के DM बदले

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 16 आईएएस और चार पीसीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस बदलाव में छह जिलों के जिलाधिकारी (DM) बदले गए हैं। वहीं, वाराणसी और कानपुर के मंडलायुक्तों की भी अदला-बदली की गई है। इसके अलावा औद्योगिक विकास, हथकरघा और वस्त्रोद्योग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वाराणसी और कानपुर के मंडलायुक्त बदले

आईएएस अधिकारी एस. राजलिंगम, जो अब तक वाराणसी के मंडलायुक्त थे, उन्हें कानपुर का मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं, कानपुर के मंडलायुक्त रहे के. विजयेंद्र पांडियन को वाराणसी का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है।

इसके साथ ही रविकुमार एनजी को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। उन्हें आयुक्त एवं निदेशक, उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पद पर डॉ. बलकार सिंह की तैनाती की गई है।

छह जिलों में नए जिलाधिकारी तैनात

सरकार ने गोंडा, जौनपुर, भदोही, चंदौली, श्रावस्ती और शामली में नए जिलाधिकारी नियुक्त किए हैं। तबादले के तहत अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां इस प्रकार हैं:

  • गोंडा: रमेश रंजन को नया जिलाधिकारी बनाया गया है। यहां की डीएम प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

  • जौनपुर: उमेश मिश्रा को नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। यहां के डीएम सैमुएल पॉल एन को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां बनाया गया है।

  • चंदौली: भदोही के डीएम शैलेश कुमार को चंदौली का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। चंदौली के डीएम चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।

  • भदोही: अनिल कुमार सिंह को भदोही का जिलाधिकारी और भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।

  • श्रावस्ती: मनोज कुमार राय को नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। यहां की डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार बनाया गया है।

  • शामली: ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। यहां के डीएम आलोक यादव को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

सौम्या अग्रवाल को अतिरिक्त प्रभार

श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी और सहकारी कताई मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

चार PCS अधिकारियों के भी तबादले

प्रशासनिक फेरबदल में चार पीसीएस अधिकारियों की तैनाती भी बदली गई है।

  • रेणुका दीक्षित को इटावा से शामली का एसडीएम बनाया गया है।

  • डॉ. विश्व भूषण मिश्र को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से संयुक्त निदेशक, स्थानीय निकाय निदेशालय नियुक्त किया गया है।

  • अभिनव पाठक को आगरा से प्रयागराज मेला प्राधिकरण में एसडीएम और प्रयागराज विकास प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है।

  • सौम्या मिश्रा को प्रयागराज मेला प्राधिकरण से आगरा का एसडीएम नियुक्त किया गया है।

सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल से जिलों के साथ-साथ प्रदेश के कई महत्वपूर्ण विभागों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments