HomeBreaking Newsसोन नदी खतरे के निशान से ऊपर, पलामू में हाई अलर्ट जारी,...

सोन नदी खतरे के निशान से ऊपर, पलामू में हाई अलर्ट जारी, छोड़ा गया दो लाख क्यूसेक पानी

पलामू। जिले में पिछले 36 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। उत्तरी कोयल समेत कई छोटी-बड़ी नदियां उफान पर हैं। मेदिनीनगर के निचले इलाकों में एक बार फिर जलजमाव की स्थिति बन गई है, जबकि हुसैनाबाद क्षेत्र में भी जनजीवन प्रभावित हुआ है। सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

सोन नदी की सहायक उत्तरी कोयल नदी में भी पानी का बहाव तेज हो गया है। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए पलामू पुलिस तटवर्ती क्षेत्रों में माइकिंग कराकर लोगों को सतर्क कर रही है। नदी के बीच बने टीलों और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर जाने से लोगों को सख्त तौर पर मना किया गया है। प्रशासन की ओर से तटवर्ती गांवों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पलामू में सोन नदी हैदरनगर और हुसैनाबाद प्रखंड से होकर बिहार में प्रवेश करती है। जलस्तर बढ़ने के कारण सोनपुरवा, देवरी खुर्द, देवरी कला, बुधुआ, बड़ेपुर और दंगवार समेत कई इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कुछ स्थानों पर जमीन के कटाव की स्थिति भी सामने आने लगी है।

हुसैनाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी समीर अल्फ्रेड मुर्मू और अंचल अधिकारी पंकज कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे नदी के बीच बने टीलों, निचले इलाकों और कटाव प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचें। अधिकारियों ने कहा कि जलस्तर में और वृद्धि होने या किसी भी तरह की आपात स्थिति की सूचना मिलने पर लोग तत्काल सुरक्षित स्थानों की ओर चले जाएं।

सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता अजय कुमार सिंह ने बताया कि नॉर्थ कोयल समेत अन्य जलाशयों से करीब दो लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी सोन नदी में पहुंचा है। इसके कारण नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। विभाग की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और फिलहाल हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

वहीं, हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि सोन नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस लगातार माइकिंग के जरिए लोगों को नदी से दूर रहने और सावधानी बरतने की अपील कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments