इचाक थाना क्षेत्र की घटना; पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शुरू कराया सर्च ऑपरेशन, लोगों से नदी में नहीं उतरने की अपील
उज्जवल दुनिया संवाददाता
हजारीबाग। जिले के इचाक थाना क्षेत्र के सेवाने नदी में बुधवार को नहाने के दौरान 18 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। युवक की पहचान इचाक निवासी पिंटू मेहता के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नदी किनारे जुट गए। फिलहाल युवक की तलाश जारी है।
नहाने के दौरान तेज बहाव में बहा
जानकारी के अनुसार पिंटू मेहता कोर्रा साइड के घाट की ओर से सेवाने नदी में नहाने के लिए उतरा था। इसी दौरान नदी का बहाव तेज होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गया और पानी में बह गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
पुलिस मौके पर पहुंची, गोताखोरों की मदद से तलाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद इचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। इसके साथ ही नदी में सर्च ऑपरेशन के लिए गोताखोरों को भी बुलाया गया है।
लगातार बारिश से बढ़ा नदी का जलस्तर
क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण सेवाने नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और पानी का बहाव भी तेज है। घटना के बाद नदी किनारे लोगों की भीड़ जुटी रही। युवक की तलाश में पुलिस और स्थानीय लोग जुटे हुए हैं।
पुलिस ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान नदी और अन्य जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ने पर नहाने या किसी अन्य कारण से पानी में न उतरें। तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें और बच्चों को भी ऐसे जलस्रोतों के पास जाने से रोकें।

