रांची। राजधानी रांची में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना पंडरा ओपी क्षेत्र के इटकी रोड स्थित बजरा में देवकमल हॉस्पिटल के पास हुई। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान आशीष तिर्की और अमन बारला के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक रविवार सुबह करीब छह बजे घर से चर्च जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान बजरा स्थित देवकमल हॉस्पिटल के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने दोनों शवों को मुख्य सड़क पर रखकर जाम कर दिया। इसके कारण कटहल मोड़ से पिस्का मोड़ जाने वाला मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।
परिजनों और ग्रामीणों ने मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस ने डंपर को किया जब्त
घटना की सूचना मिलने पर पंडरा ओपी प्रभारी विवेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया है। वहीं, दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पंडरा ओपी प्रभारी ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास करते रहे। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

