रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जामताड़ा जिले के पुलिस इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया है। शनिवार को रांची के खेलगांव में आयोजित झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने स्वयं उनके सीने पर मेडल लगाकर सम्मानित किया। बिहारी मरांडी जामताड़ा जिले के नाला और कुंडहित सर्किल में इंस्पेक्टर के रूप में कार्यरत हैं।
जामताड़ा जिले के इकलौते इंस्पेक्टर को मिला सम्मान
सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित होने वाले बिहारी मरांडी जामताड़ा जिले के इकलौते पुलिस इंस्पेक्टर हैं। उनकी इस उपलब्धि से जिले के पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है। पुलिस सेवा में कर्तव्यनिष्ठा और बेहतर कार्यों के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया है।
पहले भी राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री कर चुके हैं सम्मानित
इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी को इससे पहले भी उनके साहस और उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान मिल चुका है। वर्ष 2020 में उन्हें राष्ट्रपति की ओर से वीरता पदक से सम्मानित किया गया था। इसके बाद वर्ष 2022 में झारखंड के मुख्यमंत्री के हाथों भी उन्हें वीरता पदक मिला था। अब सराहनीय सेवा पदक मिलने के साथ उनके सम्मान की सूची में एक और उपलब्धि जुड़ गई है।
सम्मान से बढ़ा बेहतर काम करने का उत्साह
सराहनीय सेवा पदक मिलने पर बिहारी मरांडी ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी पुलिस पदाधिकारी के लिए इस तरह का सम्मान काफी मायने रखता है। राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अच्छे कार्यों की पहचान मिलना गौरव की बात है। ऐसे सम्मान से आगे भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा मिलती है।

