HomeBreaking Newsप्रेम संबंध का विरोध बना खूनी साजिश की वजह, नाबालिग की हत्या...

प्रेम संबंध का विरोध बना खूनी साजिश की वजह, नाबालिग की हत्या में चार गिरफ्तार

धनबाद। बलियापुर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की की सिर काटकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग का एक युवक से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते से नाराज युवक के पिता और परिवार के कुछ लोगों ने कथित तौर पर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। हत्या के बाद शव से सिर अलग कर उसे सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया। मामले में पुलिस ने सात आरोपियों की पहचान की है, जिनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के मुताबिक, घटना की जांच के लिए डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान हत्याकांड की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नाबालिग और युवक के बीच पहले से प्रेम संबंध था। इस संबंध को लेकर पूर्व में गिरिडीह में मामला भी दर्ज हुआ था। पुलिस के अनुसार, इसी वर्ष मई में युवक नाबालिग को दोबारा अपने साथ ले गया था, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया था। इस मामले में गिरिडीह पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता कर विवाद सुलझाने का प्रयास भी किया था।

जांच के अनुसार, युवक के परिवार में इस रिश्ते को लेकर नाराजगी बनी हुई थी। पुलिस का कहना है कि इसी विरोध के बीच नाबालिग की हत्या की साजिश रची गई। आरोप है कि युवक के पिता ने नाबालिग की मौसी के साथ मिलकर योजना तैयार की और मौसी की एक महिला मित्र को भी इसमें शामिल किया गया।

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग की तबीयत अक्सर खराब रहती थी। इसी बात का फायदा उठाकर उसे पूजा-पाठ कराने और परेशानी दूर करने के बहाने एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया। वहां पहले से साजिश में शामिल अन्य लोग मौजूद थे।

जांच में सामने आया कि मौसी और उसकी सहेली नाबालिग को लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचीं। इसके बाद वहां मौजूद आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी ने उसका सिर पकड़ा, जबकि दूसरे ने उसके हाथों को दबोच लिया। इसके बाद धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव से सिर अलग कर उसे सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।

पुलिस ने बताया कि नाबालिग के पति को भी कथित साजिश की पूरी जानकारी नहीं थी। उसकी मौसी उसे अलग-अलग बातें बताकर गुमराह करती रही। नाबालिग के लापता होने के बाद भी उसे कई तरह की जानकारी दी जाती रही। बाद में युवक ने अपने स्तर से नाबालिग के परिजनों को बताया कि वह 9 सितंबर से लापता है और उसका पता नहीं चल रहा है।

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद करने का दावा किया है। अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। अब तक कुल सात लोगों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि तीन अभी फरार हैं।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि जांच आगे बढ़ने पर मामले में और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments