HomeBreaking NewsPM मोदी के जन्मदिन पर झारखंड में होगा दीपोत्सव, 17 सितंबर से...

PM मोदी के जन्मदिन पर झारखंड में होगा दीपोत्सव, 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

PM मोदी के जन्मदिन पर दीपोत्सव, एक महीने तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर झारखंड भाजपा ने व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है। 17 सितंबर को पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश में दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत भाजपा प्रदेश कार्यालय, जिला और मंडल कार्यालयों के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं के घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन की कामना की जाएगी।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन से शुरू होने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। भाजपा के मुताबिक, इस दौरान विभिन्न सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रांची में हुई अभियान की तैयारी को लेकर बैठक

अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में सेवा संकल्प अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी और लोकसभा के मुख्य सचेतक डॉ. संजय जायसवाल शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने उनका स्वागत किया।

बैठक के दौरान अभियान की प्रदेश टोली के साथ भौतिक और वर्चुअल माध्यम से संवाद किया गया। संजय जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को अभियान की गतिविधियों को प्रभावी तरीके से आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

राष्ट्र सेवा और सुशासन के 25 साल पर विशेष अभियान

डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्र सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पीएम मोदी के जन्मदिन को केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं रखने और इसे जनसेवा के महापर्व के रूप में मनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना तथा लोगों को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है।

रक्तदान से लेकर पौधारोपण तक होंगे कार्यक्रम

‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान देशभर में कई सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें रक्तदान शिविर, पौधारोपण, स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं।

भाजपा ने इन कार्यक्रमों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही है।

आदित्य साहू बोले- अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाएं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की भी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन केवल समारोह बनकर न रह जाए, बल्कि सेवा संकल्प अभियान को राज्य के गांव-गांव तक ले जाया जाए।

आदित्य साहू ने कहा कि केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

17 सितंबर को शाम 7 बजे जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संदीप वर्मा ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर शाम 7 बजे पूरे प्रदेश में एक साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि गांवों के मंदिरों, संस्थानों और कार्यालयों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। भाजपा ने एक महीने के दौरान देश के करीब 25 करोड़ परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है।

बच्चों, महिलाओं और युवाओं के लिए भी कार्यक्रम

अभियान के दौरान अलग-अलग वर्गों को जोड़ने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्कूलों में बच्चों के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता होगी। आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ‘कहानी बदलाव’ के तहत 25 प्रेरक कहानियों का संग्रह तैयार किया जाएगा।

वहीं, 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति’ अभियान के तहत यात्रा निकाली जाएगी। ‘सेवा सेतु’ के जरिए केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।

महिलाओं के लिए ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के तहत रंगोली बनाई जाएगी। इसके अलावा ‘सेवा इनोवेशन’ अभियान के जरिए युवाओं के नए प्रयोग और नवाचार को प्रोत्साहित किया जाएगा। बेहतर इनोवेशन का चयन कर उसे दिल्ली भेजने की योजना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments