नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में व्यापक कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की है। 17 सितंबर से शुरू होने वाला यह अभियान इस बार सामान्य सेवा पखवाड़े से आगे बढ़कर करीब एक महीने तक चलेगा। पार्टी इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों और युवाओं से जुड़ाव के अवसर के रूप में भी देख रही है।
भाजपा के मुताबिक, अभियान में सेवा, सुशासन, अंत्योदय, युवा भागीदारी और विकसित भारत को प्रमुखता दी जाएगी। पार्टी की योजना युवाओं की आकांक्षाओं को समझने और उन्हें राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य से जोड़ने की है। इसके लिए कॉलेज, विश्वविद्यालय, हॉस्टल, कोचिंग संस्थानों और युवा क्लबों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पार्टी विशेष रूप से 14 से 22 वर्ष के युवाओं तक पहुंच बनाने की तैयारी कर रही है। नेताओं और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को युवाओं से नियमित संवाद करने, उनकी समस्याएं सुनने और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने की जिम्मेदारी दी जाएगी। स्टार्टअप इंडिया, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, मेरा युवा भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना और कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों को भी अभियान में प्रमुखता दी जाएगी।
अभियान के तहत देशभर में स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर और जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं से अब तक नहीं जुड़ पाए लाभार्थियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचकर वहां के कर्मियों का सम्मान भी करेंगे। इसके अलावा मातृ संवाद और आंगनवाड़ी सम्मान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की राजनीतिक और प्रशासनिक यात्रा पर डिजिटल तथा फोटो प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इनमें गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल से लेकर केंद्र सरकार तक की विकास योजनाओं, उपलब्धियों और कल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रदर्शित किया जाएगा।
अभियान का प्रमुख आकर्षण वडनगर से वाराणसी तक बाइक रैली होगी। प्रधानमंत्री की जन्मभूमि गुजरात के वडनगर और उनके लोकसभा क्षेत्र वाराणसी से एक साथ 10-10 टीमें रवाना की जाएंगी। दोनों दिशाओं में होने वाली यह मोटरसाइकिल यात्रा 17 सितंबर से शुरू होगी और लगभग 1500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। प्रत्येक टीम प्रतिदिन करीब 100 किलोमीटर की यात्रा करेगी।
यात्रा के दौरान विभिन्न पड़ावों पर केंद्र सरकार की योजनाओं, रोजगार, स्टार्टअप, शिक्षा सुधार और विकसित भारत के विजन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह रैली गुजरात और उत्तर प्रदेश के कई जिलों से होकर गुजरेगी। भाजपा इसे जन्मभूमि से कर्मभूमि तक संदेश पहुंचाने वाले अभियान के तौर पर प्रचारित करने की तैयारी में है।
बाइक रैली के अलावा साइक्लिंग इवेंट, मैराथन, अन्य मोटरसाइकिल यात्राएं, युवा संकल्प कार्यक्रम और ‘बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। प्रमुख शहरों में हैकथॉन और इनोवेशन चैलेंज के जरिए युवाओं को स्थानीय समस्याओं के समाधान तलाशने का अवसर दिया जाएगा।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई बैठकों में युवा आउटरीच को प्राथमिकता दी गई है। राज्यों में वरिष्ठ नेताओं को युवा संवाद की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है और अभियान के समन्वय के लिए अलग-अलग टीमें गठित की जा रही हैं।
भाजपा का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को केवल औपचारिक समारोह तक सीमित रखने के बजाय इसे सेवा, युवा सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य इन कार्यक्रमों के जरिए नई पीढ़ी को संगठन, सरकारी योजनाओं और विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ना है।

