HomeBreaking Newsपदमा में बेखौफ अपराधी! सेवानिवृत्त शिक्षक को सटाकर मारी दो गोलियां, सरेआम...

पदमा में बेखौफ अपराधी! सेवानिवृत्त शिक्षक को सटाकर मारी दो गोलियां, सरेआम वारदात को दिया अंजाम; रिम्स रेफर

-बिना नंबर की बाइक पर सवार हेलमेटधारी हमलावर वारदात के बाद फरार, पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी
-पुरुषोत्तम कुमार पाण्डेय/ उज्जवल दुनिया संवाददाता
पदमा। हजारीबाग जिले के पदमा ओपी क्षेत्र के ग्राम परतन सूर्यपूरा रविवार की सुबह गोलियों की आवाज से दहल उठा। एक सेवानिवृत्त शिक्षक को जिस दुस्साहसिक अंदाज में निशाना बनाया गया, उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। रामदेव प्रसाद महथा, पिता स्व. बोधराज महतो पर पीछे से आए हेलमेट से चेहरा ढँके हमलावर ने सीने के बेहद करीब से दो गोलियां दाग दीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावार बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक से फरार हो गया। बताया जाता है कि रामदेव प्रसाद महथा सुबह करीब पौने नौ बजे हाइवे किनारे परतन चौक स्थित सैलून से दाढ़ी बनवाकर पैदल घर लौट रहे थे। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोग सकते में आ गए। बताया गया कि एक गोली शरीर को भेदते हुए आर-पार निकल गई, जबकि दूसरी अंदर फंस गई। आनन-फानन में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया। फंसी गोली स्थानीय निजी चिकित्सक द्वारा निकाले जाने की जानकारी है। घटना की सूचना पर पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ हमलावर की पहचान में जुटी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों के बीच गांव के ही एक युवक पर संदेह जताए जाने की चर्चा है। हालांकि, ऐसे में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों का सामने आना जरूरी है। फिलहाल पुलिस के समक्ष हमलावर की पहचान, गोलीकांड के कारण और घटना के पीछे की पूरी कहानी सामने लाने की चुनौती है। सरेआम हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच पूरी होने और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। जनचर्चा और प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित शिक्षक पंचायत भी किया करते थे। लोगों ने आशंका जता रहे हैं कि कहीं इस घटना के पीछे पंचायत तो नहीं? फिलहाल इस मामले पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगा। ऐसे पुलिस पूरी गहनता के साथ कई एंगल से जांच प्रताड़ल कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments