HomeBreaking Newsछेड़खानी की शिकायत पर पचंबा थाना में देर रात हंगामा, दो पक्षों...

छेड़खानी की शिकायत पर पचंबा थाना में देर रात हंगामा, दो पक्षों में भिड़ंत के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

गिरिडीह: गिरिडीह के पचंबा थाना परिसर में गुरुवार देर रात नाबालिग लड़की से कथित छेड़खानी की शिकायत को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा नेता और कार्यकर्ता थाना पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों के वहां पहुंचने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी और नोकझोंक के बाद स्थिति धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बरतते हुए लाठी भांजकर भीड़ को थाना परिसर से बाहर किया।

जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग लड़की अपने साथ हुई कथित छेड़खानी की शिकायत लेकर पचंबा थाना पहुंची थी। उसके साथ भाजपा नेता सह वार्ड पार्षद संजीव सिंह गुड्डू भी मौजूद थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद पचंबा वार्ड नंबर-2 के पार्षद लालो राइन भी अन्य लोगों के साथ थाना पहुंच गए। कुछ ही देर में थाना परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद बढ़ने के साथ धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। इससे थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ के बीच तनाव बढ़ता देखकर पुलिस को सख्ती करनी पड़ी। पुलिस ने लाठी भांजकर लोगों को तितर-बितर किया और स्थिति को नियंत्रित किया।

हंगामे की सूचना मिलने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा, भाजपा नेता दिनेश यादव और आजसू नेता कम्पू यादव समेत कई नेता और कार्यकर्ता भी पचंबा थाना पहुंच गए। नेताओं के पहुंचने के बाद मामला फिर गरमा गया। स्थिति को देखते हुए डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा और इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन भी थाना पहुंचे।

थाना प्रभारी राजीव कुमार की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों ने भाजपा और आजसू नेताओं के साथ थाना के स्वागत कक्ष में काफी देर तक बातचीत की। इस दौरान भाजपा नेताओं ने नाबालिग की शिकायत पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

भाजपा नेता दिनेश यादव ने कहा कि वर्तमान समय में लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ता भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि नाबालिग से कथित छेड़खानी करने वाले युवक के साथ उसके पिता और आरोपी को संरक्षण देने वाले लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए। नेताओं ने पुलिस से मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की मांग की।

मामले को लेकर डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा ने भाजपा नेताओं को आश्वासन दिया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपी कोई भी हो, कानून के अनुसार उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी के आश्वासन के बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता शांत हुए और देर रात करीब एक बजे थाना परिसर से बाहर निकल गए।

पचंबा थाना परिसर में देर रात तक चले इस घटनाक्रम के बाद इलाके में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब पुलिस द्वारा दर्ज की जाने वाली प्राथमिकी और मामले में आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments