HomeBreaking Newsनिशा भगत मामला: ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की के ठिकानों पर CBI...

निशा भगत मामला: ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की के ठिकानों पर CBI की छापेमारी, आठ घंटे तक चली तलाशी

रांची। आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जांच तेज कर दी है। मामले में अहम साक्ष्य जुटाने के लिए सीबीआई की टीम ने सोमवार को रांची में ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। करीब आठ घंटे तक चली तलाशी के दौरान जांच एजेंसी ने मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कई संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए हैं। वहीं, ज्योत्सना केरकेट्टा से भी अधिकारियों ने लंबी पूछताछ की।

आठ घंटे तक चली छापेमारी, डिजिटल साक्ष्य जब्त

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सीबीआई की टीम ने दोनों ठिकानों पर एक साथ पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। करीब आठ घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान घर के अलग-अलग हिस्सों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान जांच अधिकारियों ने कई दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अपने कब्जे में लिए।

जांच एजेंसी अब जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराएगी। इसके जरिए निशा भगत और मामले से जुड़े अन्य लोगों के बीच हुई बातचीत, संपर्क और डिजिटल गतिविधियों से संबंधित साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जाएगा।

ज्योत्सना केरकेट्टा से लंबी पूछताछ

छापेमारी के दौरान सीबीआई अधिकारियों ने ज्योत्सना केरकेट्टा से भी काफी देर तक पूछताछ की। जांच टीम ने निशा भगत के साथ उनके संबंधों को लेकर कई सवाल पूछे। अधिकारियों ने यह जानने का प्रयास किया कि दोनों की मुलाकात कब और किन परिस्थितियों में हुई थी। उनके बीच दोस्ती कब से थी और किस तरह का संपर्क था।

पूछताछ के दौरान मिले जवाबों को रिकॉर्ड किया गया है। फिलहाल सीबीआई जब्त दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है। जांच एजेंसी इस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।

14 नवंबर को सीबीआई ने अपने हाथ में ली थी जांच

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अनुशंसा पर झारखंड सरकार ने 10 नवंबर को निशा भगत मामले की सीबीआई जांच की अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद 14 नवंबर को केंद्रीय जांच एजेंसी ने पिठोरिया थाने में दर्ज कांड संख्या 0114/2026 की जांच अपने हाथ में ले ली थी।

सीबीआई ने नामजद आरोपित अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और धारा 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। इस संबंध में दिल्ली स्थित स्पेशल क्राइम ब्रांच-वन में आरसी 04820226एस 0007 के तहत नया मामला भी दर्ज किया गया है।

फेसबुक लाइव के बाद फांसी लगाकर दी थी जान

गौरतलब है कि छह नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने किराये के मकान में निशा भगत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं। लाइव वीडियो में उन्होंने रोते हुए अपनी परेशानियां साझा की थीं और जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर कथित प्रताड़ना का आरोप लगाया था।

उन्होंने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए थे। इस दौरान उन्होंने अजय तिर्की का नाम भी लिया था। बताया गया था कि आत्महत्या से पहले निशा ने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी जान देने की बात कही थी। आरोप है कि थाना प्रभारी ने उन्हें थाने आने की बात कहकर फोन काट दिया था।

राष्ट्रीय आयोगों ने भी लिया है संज्ञान

निशा भगत मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) ने भी संज्ञान लिया है। वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष, विस्तृत और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने को कहा है।

महिला आयोग की अध्यक्ष ने निशा के फेसबुक लाइव वीडियो, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए हैं। अब सीबीआई की छापेमारी और जब्त डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच को इस मामले की पड़ताल में अहम माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments