HomeNationalमुंबई के 5 स्टार होटल में डिनर टेबल पर दिखा कॉकरोच, डॉक्टर...

मुंबई के 5 स्टार होटल में डिनर टेबल पर दिखा कॉकरोच, डॉक्टर ने शेयर किया वीडियो; FDA कमिश्नर को किया टैग

मुंबई: मुंबई के सहार स्थित जेडब्ल्यू मैरियट होटल के रेस्टोरेंट में डिनर के दौरान टेबल पर कॉकरोच दिखाई देने का मामला सामने आया है। देश के प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अशोक सेठ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसका वीडियो साझा किया है। उन्होंने इस घटना के जरिए होटल की स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

डॉ. अशोक सेठ ने बताया कि शनिवार रात वह होटल के रोमानोस रेस्टोरेंट में डिनर कर रहे थे। इसी दौरान उनकी टेबल पर रखे बर्तनों और प्लेट के पास एक छोटा कॉकरोच घूमता नजर आया। उन्होंने इसका वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया।

कॉकरोच को दिया ‘रोची’ नाम

डॉ. सेठ ने वीडियो पोस्ट करते हुए घटना का जिक्र व्यंग्यात्मक अंदाज में किया। उन्होंने कॉकरोच को ‘रोची’ नाम दिया और लिखा कि शनिवार रात डिनर के दौरान यह छोटा मेहमान उनकी टेबल पर उनके साथ खाना शेयर करने पहुंच गया।

उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी लिखा कि शायद ‘रोची’ को पास्ता पसंद नहीं था और वह पिज्जा की तलाश में आया था। डॉ. सेठ के मुताबिक, टेबल पर कॉकरोच दिखाई देने के बाद उनकी और उनके साथ मौजूद मेहमानों की भूख खत्म हो गई और वे डिनर किए बिना ही रेस्टोरेंट से चले गए।

तुकाराम मुंडे को किया टैग

डॉ. सेठ ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI), जेडब्ल्यू मैरियट और महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंडे को टैग किया।

उन्होंने तुकाराम मुंडे का जिक्र करते हुए उम्मीद जताई कि संबंधित अधिकारी इस मामले को देखेंगे। उनके पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने होटल और रेस्टोरेंट में साफ-सफाई तथा खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठाए।

डॉक्टर ने होटल की हाइजीन पर उठाए सवाल

डॉ. सेठ ने अपनी पोस्ट में होटल की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कॉकरोच डाइनिंग टेबल तक पहुंच सकता है तो रसोई की स्वच्छता व्यवस्था पर भी ध्यान दिए जाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि पांच सितारा होटलों में ग्राहक अधिक कीमत चुकाते हैं और ऐसे में उनसे स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा के उच्च मानकों की उम्मीद की जाती है।

हालांकि, होटल की रसोई में कॉकरोच होने संबंधी टिप्पणी डॉ. सेठ की आशंका के रूप में है। इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

होटल प्रबंधन की प्रतिक्रिया का इंतजार

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद मामले की चर्चा तेज हो गई है। कुछ यूजर्स ने संबंधित अधिकारियों से रेस्टोरेंट का निरीक्षण करने की मांग की है।

फिलहाल, इस मामले पर जेडब्ल्यू मैरियट होटल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। संबंधित विभाग की ओर से जांच या कार्रवाई को लेकर भी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments