नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को सोमवार, 19 अक्टूबर को दिल्ली के अपोलो अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद उन्हें 16 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, उनकी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार हुआ है।
सीने में संक्रमण के बाद अस्पताल में हुए थे भर्ती
98 वर्षीय लालकृष्ण आडवाणी को शुक्रवार शाम सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उनका इलाज वरिष्ठ कंसल्टेंट न्यूरोलॉजी डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में किया गया। चिकित्सकों की निगरानी में रहने के दौरान उनकी स्थिति में सुधार दर्ज किया गया, जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं आडवाणी
लालकृष्ण आडवाणी भारतीय राजनीति और भाजपा के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने कई बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में वह 1998 से 2004 तक केंद्रीय गृह मंत्री और 2002 से 2004 तक उप प्रधानमंत्री रहे।
भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत राजनीतिक दल बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है। वर्ष 2024 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

