HomeBreaking Newsकेतन अग्रवाल हत्याकांड में चश्मदीद का बड़ा खुलासा: 'चेतन चौधरी ने खाई...

केतन अग्रवाल हत्याकांड में चश्मदीद का बड़ा खुलासा: ‘चेतन चौधरी ने खाई में धकेला, मुझे भी फेंकने की दी धमकी’

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे स्थित लोहागढ़ किले पर 18 जून को हुई रियल स्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले में एक चश्मदीद गवाह का बयान सामने आया है, जिसने जांच में नया मोड़ ला दिया है। गवाह का दावा है कि उसने आरोपी चेतन चौधरी को केतन को किले की चट्टान से नीचे धक्का देते हुए अपनी आंखों से देखा था।

गवाह ने 23 जून को दर्ज कराया बयान

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अज्ञात चश्मदीद गवाह ने घटना के पांच दिन बाद यानी 23 जून को पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराया। गवाह ने बताया कि वह अपने दोस्त के परिवार के साथ लोहागढ़ किला घूमने गया था। किले की सीढ़ियां चढ़ते समय उसने केतन अग्रवाल और उनकी मंगेतर सिया गोयल को साथ देखा, जबकि चेतन चौधरी उन दोनों के पीछे-पीछे चल रहा था।

गवाह ने बताया कि गर्मी के बावजूद चेतन ने हुडी पहनी हुई थी। इसी बात ने उसका ध्यान चेतन की ओर खींचा और उसने चेतन से पूछा भी कि इतनी गर्मी में हुडी क्यों पहनी है। यही हुडी बाद में चेतन को पहचानने में गवाह के लिए अहम सुराग बनी।

पेट में दर्द के बाद लौटा तो दिखा खौफनाक मंजर

गवाह ने पुलिस को बताया कि किले पर पहुंचने के बाद चेतन कुछ देर मंदिर के पास बैठ गया। इसके बाद केतन और सिया आगे बढ़े तो चेतन भी उनके पीछे चला गया। इसी दौरान गवाह के पेट में ऐंठन होने लगी, जिसके कारण वह कुछ देर के लिए घटनास्थल से दूर चला गया।

जब वह वापस लौटा तो उसने कथित तौर पर देखा कि सिया ने चेतन की तरफ इशारा किया और फिर बैठ गई। इसके बाद सिया ने केतन के पैर पर लात मारी और उसी समय चेतन पीछे से दौड़कर आया और केतन को चट्टान की तरफ धक्का दे दिया।

‘चुप रहो वरना तुम्हें भी नीचे फेंक दूंगा’

घटना के बाद जब चश्मदीद ने चेतन से इस बारे में सवाल किया तो आरोप है कि चेतन ने उसे चुप रहने की चेतावनी दी और कहा, “चुप रहो, वरना तुम्हें भी किले से नीचे फेंक दिया जाएगा।”

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, डर की वजह से गवाह ने शुरू में यह बात अपने दोस्तों या परिवार वालों से भी नहीं कही। घर लौटने के बाद वह कुछ दिनों तक घर में ही रहा और उसकी तबीयत भी खराब हो गई। बाद में जब मीडिया में मामले की खबरें आने लगीं, तो उसने पुलिस से संपर्क किया।

5,053 पन्नों की चार्जशीट में तीन चश्मदीद गवाह

पुणे ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में 5,053 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट अदालत में दाखिल की है। चार्जशीट में करीब 80 से 85 गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनमें तीन ऐसे चश्मदीद गवाह भी शामिल हैं जिन्होंने अपनी आंखों से अपराध होते देखा। ये तीनों गवाह अदालत में गवाही देने के लिए भी तैयार हैं।

12 टीबी डिजिटल डेटा की जांच, डिलीट डेटा भी रिकवर

पुलिस ने मामले की जांच में लगभग 12 टीबी डिजिटल डेटा का विश्लेषण किया है, जो जांच में अहम साबित हो रहा है। इसमें छह मोबाइल फोन, नौ पेन ड्राइव, बैकअप, कॉल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया अकाउंट्स शामिल हैं। फॉरेंसिक टीम डिलीट किए गए चैट और अन्य डिजिटल सामग्री की भी जांच कर रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने आईफोन से डेटा पूरी तरह डिलीट करने, चैट हिस्ट्री मिटाने और डिलीट किए गए डेटा को रिकवर होने से रोकने के तरीकों को ऑनलाइन सर्च किया था। पुलिस कुछ डिलीट किए गए डेटा को फॉरेंसिक तरीकों से रिकवर करने में सफल रही है।

मामले की पृष्ठभूमि

गौरतलब है कि 26 वर्षीय केतन अग्रवाल पुणे के गहुंजे स्थित लोधा बेलमोंडो टाउनशिप के रहने वाले थे और कारोबारी विशाल अग्रवाल के बेटे थे। केतन की मंगेतर सिया गोयल (20) थी, जिसकी शादी नवंबर में होने वाली थी। पुलिस का दावा है कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी, इसलिए उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी (22) और रितेश हांगे (22) के साथ मिलकर केतन की हत्या की साजिश रची।

18 जून को सिया ने केतन को “सरप्राइज बर्थडे ट्रिप” के बहाने लोहागढ़ किले पर बुलाया। किले की 300 से 400 फीट गहरी खाई के किनारे सिया ने केतन का ध्यान भटकाया और पीछे से धक्का दे दिया। शुरुआत में इसे फोटोग्राफी के दौरान पैर फिसलने से हुआ हादसा माना गया था, लेकिन बाद में जांच में हत्या का खुलासा हुआ।

आरोपियों की गिरफ्तारी और केस का वर्तमान status

पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को 23 जून को गिरफ्तार किया था, जबकि रितेश हांगे को 5 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ 5,053 पन्नों की चार्जशीट वडगांव मावल अदालत में दाखिल की जा चुकी है।

पुलिस अब गवाह के बयान की तुलना अन्य साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से कर रही है ताकि घटनाओं के क्रम को स्पष्ट किया जा सके। इस मामले में अब तक तीन चश्मदीद गवाह सामने आ चुके हैं, और पुलिस का दावा है कि उनके बयान मामले को मजबूत बनाएंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments