HomeSportsमहिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए झारखंड की तीन खिलाड़ियों का चयन,...

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए झारखंड की तीन खिलाड़ियों का चयन, सलीमा टेटे संभालेंगी भारतीय टीम की कमान

रांची: झारखंड की बेटियां एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के लिए घोषित भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की तीन खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें सिमडेगा की सलीमा टेटे और ब्यूटी डुंगडुंग के अलावा खूंटी की अनुभवी खिलाड़ी निक्की प्रधान शामिल हैं। खास बात यह है कि सलीमा टेटे को एक बार फिर भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई है।

सलीमा टेटे संभालेंगी कप्तानी की जिम्मेदारी

सिमडेगा की रहने वाली सलीमा टेटे भारतीय महिला हॉकी टीम की प्रमुख मिडफील्डर हैं। उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई है। मिडफील्ड में खेलते हुए वह टीम के खेल को दिशा देने के साथ खिलाड़ियों के बीच तालमेल बनाने की जिम्मेदारी निभाएंगी।

सलीमा के साथ सिमडेगा की ही ब्यूटी डुंगडुंग को भी भारतीय टीम में शामिल किया गया है। ब्यूटी फॉरवर्ड के रूप में मैदान पर उतरेंगी और टीम के आक्रमण को मजबूती देंगी।

खूंटी की निक्की प्रधान को भी मिली जगह

झारखंड की तीसरी खिलाड़ी निक्की प्रधान खूंटी जिले की रहने वाली हैं। अनुभवी डिफेंडर निक्की भारतीय टीम की रक्षापंक्ति को मजबूती देंगी। वह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय हॉकी में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। झारखंड की ओर से सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ियों में उनका विशेष स्थान है।

19 नवंबर से भोपाल में शुरू होगी प्रतियोगिता

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन भोपाल के नवनिर्मित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नाथू बरखेड़ा में किया जाएगा। प्रतियोगिता में भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी।

भारतीय महिला हॉकी टीम इस प्रतियोगिता में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरेगी। भारत ने इससे पहले 2016, 2023 और 2024 में यह खिताब अपने नाम किया है। टीम की नजर एक बार फिर ट्रॉफी जीतने पर होगी।

एशियन गेम्स में स्वर्ण जीतने के बाद मैदान पर उतरेगी टीम

भारतीय महिला हॉकी टीम हाल ही में जापान में आयोजित एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के बाद इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। ऐसे में घरेलू मैदान पर होने वाली एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भारतीय खिलाड़ियों के लिए एक और महत्वपूर्ण चुनौती होगी।

झारखंड की तीन खिलाड़ियों के चयन से राज्य के खेल जगत और हॉकी प्रेमियों में खुशी का माहौल है। हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने सलीमा टेटे, निक्की प्रधान और ब्यूटी डुंगडुंग को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments