HomeBreaking Newsनिशा भगत आत्महत्या मामलाः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की सीबीआई जांच की...

निशा भगत आत्महत्या मामलाः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की सीबीआई जांच की अनुशंसा

रांची: झारखंड की चर्चित आदिवासी नेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने इस पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने का निर्देश दिया है। मंगलवार देर रात मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ”निशा भगत प्रकरण की जांच अब सीबीआई करेगी। निर्देश दे दिए गए हैं।”

मुख्यमंत्री के इस फैसले के बाद निशा भगत के परिजनों को मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। गौरतलब है कि निशा भगत की मौत के बाद से ही उनके परिजन, विभिन्न आदिवासी संगठन और राजनीतिक दल मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। उनके पिता हांदू भगत ने भी मुख्यमंत्री से पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की थी।

फेसबुक लाइव के बाद निशा भगत ने की थी आत्महत्या

बता दें कि 6 नवंबर को रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने किराये के मकान में निशा भगत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना से पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं। इस दौरान उन्होंने रोते हुए अपनी परेशानियों और कथित प्रताड़ना से जुड़ी कई बातें साझा की थीं।

बताया गया कि आत्महत्या से पहले निशा भगत ने पिठोरिया थाना प्रभारी को भी फोन किया था और आत्महत्या करने की बात कही थी। घटना के बाद उनके पिता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। परिजनों ने मामले में साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति और महिला आयोग ने लिया संज्ञान

निशा भगत की मौत के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने झारखंड सरकार से मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगने की बात कही थी।

वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी स्वत: संज्ञान लेते हुए झारखंड के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) और रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को नोटिस जारी किया है। आयोग ने तीनों अधिकारियों से नोटिस प्राप्त होने के सात दिनों के भीतर मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट (ATR) उपलब्ध कराने को कहा है।

पिता की शिकायत पर गठित हुई थी SIT

निशा भगत के पिता हांदू भगत की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी थी। रांची के एसएसपी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। एसआईटी की कमान डीएसपी (मुख्यालय-1) अमर कुमार पांडेय को सौंपी गई थी।

एसआईटी मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी थी कि निशा भगत की मौत के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और घटनाक्रम में किन लोगों की क्या भूमिका रही।

पिठोरिया थाना प्रभारी लाइन हाजिर

इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई की गई है। पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है। हालांकि, घटना से पहले निशा भगत की ओर से थाना प्रभारी को किए गए फोन और पूरे घटनाक्रम में उनकी भूमिका की जांच भी की जा रही है।

प्राथमिकी में ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की नामजद

निशा भगत के पिता की शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस इनसे जुड़े आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही थी। एसआईटी मामले के हर पहलू की पड़ताल कर रही थी।

मंगलवार को रांची में भारतीय जनता पार्टी और उसके विभिन्न संगठनों ने निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मशाल जुलूस निकाला था। वहीं, आदिवासी संगठनों ने छोटानागपुर बंद का आह्वान किया था। लगातार उठ रही सीबीआई जांच की मांग के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अब मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने का निर्देश दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments