HomeBreaking Newsझारखंड के ST छात्रों के लिए बड़ी राहत, केंद्र ने जारी किए...

झारखंड के ST छात्रों के लिए बड़ी राहत, केंद्र ने जारी किए ₹250 करोड़, जल्द खातों में पहुंचेगी छात्रवृत्ति

रांची। झारखंड के अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के छात्रों के लिए राहत की खबर है। लंबे समय से लंबित छात्रवृत्ति भुगतान का रास्ता साफ हो गया है। केंद्र सरकार ने छात्रवृत्ति मद में झारखंड के लिए ₹250 करोड़ की राशि जारी की है। केंद्र से राशि मिलने के बाद कल्याण विभाग ने पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

दरअसल, प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के तहत राज्य के विद्यार्थियों की करीब ₹364 करोड़ की राशि लंबित थी। इस योजना में होने वाले कुल खर्च का 75 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार और 25 प्रतिशत राज्य सरकार वहन करती है। केंद्र से राशि मिलने के बाद अब विभागीय स्तर पर जरूरी दस्तावेजों और भुगतान से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

कक्षा 1 से 8 तक की छात्रवृत्ति राज्य सरकार देती है
नियमों के मुताबिक कक्षा 1 से 8 तक पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों को प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति की पूरी राशि राज्य सरकार अपने बजट से उपलब्ध कराती है। वहीं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए विद्यार्थियों के परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति में अलग-अलग पाठ्यक्रमों को चार समूहों में बांटा गया है। इन समूहों के आधार पर छात्रवृत्ति की राशि निर्धारित की जाती है। हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों और रोजाना घर से कॉलेज जाने वाले डे-स्कॉलर छात्रों के लिए भी अलग-अलग दरें निर्धारित हैं।

ST के साथ SC और पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए भी आवेदन
कल्याण विभाग ने अनुसूचित जनजाति के अलावा अनुसूचित जाति (SC) और पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों के लिए भी पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 और 2026-27 के पात्र छात्र-छात्राएं ई-कल्याण के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। इसके बाद संबंधित स्तर पर दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।

सत्यापन पूरा होने के बाद खाते में आएगी राशि
छात्रवृत्ति के लिए आवेदन और दस्तावेजों का सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे भेजी जाएगी। ऐसे में छात्रों को आवेदन करते समय बैंक खाते और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जानकारी सही तरीके से दर्ज करने की सलाह दी गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments