रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) को लेकर राज्य में तैयारियां तेज हो गई हैं। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने परीक्षा से लेकर रिजल्ट जारी करने तक की प्रस्तावित समय-सारिणी स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को सौंप दी है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार JTET की परीक्षा 11 अक्टूबर को आयोजित की जा सकती है। हालांकि परीक्षा की आधिकारिक तारीख की घोषणा अभी बाकी है।
इस बार JTET में करीब 4.40 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा राज्य के सभी जिलों में आयोजित किए जाने की योजना है। लंबे अंतराल के बाद शिक्षक पात्रता परीक्षा होने के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इसके आयोजन का इंतजार कर रहे हैं।
JTET में कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 के लिए अलग-अलग पात्रता परीक्षा होगी। परीक्षा एक ही दिन दो पालियों में आयोजित करने की योजना है। पहली पाली में कक्षा 1 से 5 और दूसरी पाली में कक्षा 6 से 8 के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जिन अभ्यर्थियों ने दोनों श्रेणियों के लिए आवेदन किया है, उन्हें दोनों पालियों में शामिल होना होगा।
JAC की प्रस्तावित समय-सारिणी के मुताबिक सितंबर के अंतिम सप्ताह से एडमिट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। अभ्यर्थी JAC की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र समेत अन्य जरूरी जानकारियां उपलब्ध रहेंगी।
परीक्षा के बाद नवंबर में उत्तर कुंजी जारी करने की तैयारी है। अभ्यर्थियों को उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा। प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा के बाद अंतिम उत्तर कुंजी तैयार की जाएगी। इसके बाद दिसंबर में JTET का रिजल्ट जारी करने का प्रस्ताव है।
झारखंड में पिछली शिक्षक पात्रता परीक्षा वर्ष 2016 में आयोजित हुई थी। इसके बाद से अभ्यर्थी लंबे समय से JTET का इंतजार कर रहे हैं। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों के तहत शिक्षक पात्रता परीक्षा नियमित रूप से आयोजित की जानी चाहिए। झारखंड में वर्ष 2011 से यह अधिनियम प्रभावी है, लेकिन अब तक राज्य में केवल दो बार ही शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की गई है।
अब JTET की प्रस्तावित तारीख सामने आने के बाद लाखों अभ्यर्थियों की निगाहें आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं। परीक्षा की तारीख, एडमिट कार्ड और अन्य कार्यक्रम को लेकर अंतिम निर्णय विभाग और JAC की ओर से जारी किया जाएगा।

