HomeBreaking Newsजमशेदपुर में पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट, TMH में...

जमशेदपुर में पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट, TMH में भर्ती; जानिए पूरा मामला

जमशेदपुर। झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में रहे पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा के साथ जमशेदपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मारपीट की घटना हुई। बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में आयोजित टाटा स्टील के ‘संवाद 2026’ कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और मारपीट की। घटना में घायल बेसरा को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया। मामले में पुलिस ने एक युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को गोपाल मैदान में चल रहे जनजातीय संवाद कार्यक्रम में सूर्य सिंह बेसरा शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवती अपनी मां और बहनों के साथ वहां पहुंची। आरोप है कि महिलाओं ने बेसरा के साथ हाथ और चप्पल से मारपीट की। घटना के दौरान कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभालने की कोशिश की।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि युवती और सूर्य सिंह बेसरा के बीच करीब चार महीने पहले नागपुर में आयोजित संताली फिल्म एवं कला अकादमी के एक कार्यक्रम के दौरान विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि उसी पुराने विवाद को लेकर युवती नाराज थी। मंगलवार को गोपाल मैदान में बेसरा को देखने के बाद विवाद फिर उभरा और मारपीट की घटना हो गई।

मामले में करनडीह निवासी किरण मांझी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि वह जमशेदपुर के करीम सिटी कॉलेज में मास कम्युनिकेशन की छात्रा है। पुलिस उससे घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है और पूरे मामले के पीछे की वजहों की पड़ताल में जुटी है।

घटना के बाद झारखंड आंदोलन से जुड़े लोगों और राजनीतिक हस्तियों ने नाराजगी जताई है। कई लोगों ने सार्वजनिक कार्यक्रम में पूर्व विधायक के साथ हुई मारपीट को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी आरोप लगाए जाने की खबर है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments