HomeBreaking News'राहुल गांधी आदतन अपराधी और भारत के मीर जाफर', अमेरिका में दिए...

‘राहुल गांधी आदतन अपराधी और भारत के मीर जाफर’, अमेरिका में दिए गए बयानों पर भड़की बीजेपी

नई दिल्ली। अमेरिका के कोलंबिया विश्वविद्यालय में भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी पर सियासी घमासान छिड़ गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राहुल गांधी के बयान को लेकर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया। पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए उन्हें ‘अपरिपक्व’, ‘भारत विरोधी’ और ‘भारत का मीर जाफर’ करार दिया।

बुधवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी विदेशी मंचों पर भारत को लेकर बेबुनियाद और भ्रामक बातें करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना है। भाटिया ने यहां तक दावा किया कि राहुल गांधी संसद सत्र से पहले विदेश यात्राएं करते हैं और सवाल उठाया कि क्या वह वहां अपने विदेशी आकाओं से मार्गदर्शन लेने जाते हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था, युवा सशक्तीकरण और वैश्विक पहचान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने राहुल गांधी के बयानों को इन उपलब्धियों के विपरीत बताते हुए कहा कि देश की मजबूत होती छवि को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

दरअसल, राहुल गांधी ने कोलंबिया विश्वविद्यालय में संवाद के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई थी। उन्होंने बेरोजगारी, मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की चुनौतियों और शिक्षा व्यवस्था की कमजोरियों को उठाते हुए कहा था कि देश का मौजूदा आर्थिक मॉडल अपेक्षित परिणाम देने में विफल रहा है। राहुल गांधी ने ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी सरकारी योजनाओं की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठाए थे।

राहुल गांधी के इन्हीं बयानों को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। गौरव भाटिया ने कहा कि विपक्ष के नेता को देश की उपलब्धियों और वास्तविक स्थिति को समझकर जिम्मेदारी से बयान देना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी की टिप्पणियों को भारत के हितों के खिलाफ बताते हुए कहा कि विदेश में देश की आलोचना करने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है।

राहुल गांधी के बयान और भाजपा की प्रतिक्रिया के बाद देश की आर्थिक स्थिति को लेकर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज हो गई है। जहां भाजपा राहुल गांधी की टिप्पणियों को भारत की छवि पर हमला बता रही है, वहीं अर्थव्यवस्था, रोजगार और सरकारी नीतियों को लेकर विपक्ष के सवालों ने राजनीतिक विवाद को नया रूप दे दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments