HomeNationalइजराइली नेताओं ने विमान हादसा टालने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छर को...

इजराइली नेताओं ने विमान हादसा टालने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छर को बताया ‘सच्चा नायक’

यरुशलम: फ्लाईदुबई की एक उड़ान में कॉकपिट के अंदर हुई हिंसक घटना के दौरान भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की इजराइल के शीर्ष नेताओं ने सराहना की है। इजराइली नेताओं ने उन्हें नायक बताते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने जिस तरह हालात का सामना किया, उससे विमान में सवार यात्रियों की जान बचाने में मदद मिली।

घटना बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, कॉकपिट में सह-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को हमलावर पर काबू पाने में मदद मिली।

इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छार की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि घायल होने के बावजूद उन्होंने मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलकर यात्रियों तथा चालक दल को हमलावर को रोकने का मौका दिया। नेतन्याहू ने उन्हें ‘‘सच्चा नायक’’ बताते हुए उनके जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की।

विमान में 27 बच्चों समेत कुल 174 यात्री सवार थे। घटना के बाद विमान का मार्ग बदल दिया गया और इसे सऊदी अरब के तबुक स्थित हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया। सऊदी अधिकारियों ने सह-पायलट को हिरासत में ले लिया।

इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने भी भारतीय पायलट के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि घायल होने के बावजूद मच्छार ने अपनी बची हुई ताकत से कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे हमलावर को काबू करने में मदद मिली। हर्जोग ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि इजराइल उनके साहस के लिए अत्यंत आभारी है।

इजराइली विदेश मंत्रालय ने भी कैप्टन मच्छार को नायक बताते हुए भारतीय पायलट, इजराइली यात्रियों और अमीराती चालक दल के सामूहिक प्रयास की सराहना की। मंत्रालय के अनुसार, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद पायलट ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद यात्रियों और चालक दल ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कैप्टन मच्छार को खून से लथपथ हालत में ऑक्सीजन मास्क लगाए विमान की गैलरी में लेटे हुए देखा गया। सऊदी अरब में भारतीय दूतावास के मुताबिक, उन्हें उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के तबुक शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। दूतावास ने बताया कि वह पायलट के परिवार के संपर्क में है और सऊदी अधिकारियों के साथ उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहा है।

इजराइली संसद के अध्यक्ष आमिर ओहाना ने भी भारतीय पायलट की बहादुरी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इजराइल के लोग कैप्टन मच्छार और उनके परिवार के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र में इजराइल के राजदूत डैनी डैनन ने भी उन्हें ‘‘सच्चा नायक’’ बताया।

इस बीच, इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने विमान में हुई घटना को ‘‘जिहादी आतंकवादी हमले का प्रयास’’ बताया है। हालांकि, घटना की परिस्थितियों और हमले के मकसद को लेकर जांच जारी है।

बताया गया कि फ्लाईदुबई की उड़ान ने बुधवार को आपात संकेत भेजा था। विमान करीब 34,000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, जिसके बाद इसकी ऊंचाई तेजी से घटकर 17,000 फुट से अधिक नीचे आ गई। इसके बाद विमान का मार्ग बदलकर सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाई अड्डे की ओर किया गया, जहां इसे सुरक्षित उतारा गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments