रांची: झारखंड की राजधानी रांची इस समय क्रिकेट के रंग में रंगी हुई है। जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सोमवार सुबह 9 बजे से टिकटों की ऑफलाइन बिक्री शुरू होते ही स्टेडियम के बाहर क्रिकेट प्रेमियों की लंबी कतारें लग गईं, और देखते ही देखते यह कतारें मीलों तक पहुंच गईं।
रातभर का इंतजार, सुबह से लगी कतारें
टिकट हासिल करने की होड़ का आलम यह रहा कि बिहार और झारखंड के अलग-अलग जिलों से पहुंचे प्रशंसक रविवार रात से ही स्टेडियम परिसर के आसपास डट गए थे। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात में कतार लगाने की अनुमति नहीं दी गई, लेकिन सोमवार सुबह 7 बजे से दर्शकों को कतार में खड़ा कराया गया और ठीक 9 बजे से टिकटों की बिक्री शुरू हुई। स्टेडियम के पश्चिमी गेट के पास बनाए गए टिकट काउंटर पर दर्शकों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। कतार में महिलाएं, पुरुष और युवा सभी बड़ी संख्या में नजर आ रहे हैं।
बिहार से रांची पहुंचे निखिल सिंह ने बताया कि वह टिकट लेने के लिए कल से ही लाइन में लगे हुए थे। इसके बावजूद क्रिकेट मैच देखने की उत्सुकता कम नहीं हुई और उन्होंने अपनी बारी का इंतजार कर टिकट खरीदा। टिकट मिलने के बाद दर्शकों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
टिकट की कीमत और काउंटर की व्यवस्था
मैच के लिए टिकटों की कीमतें 1,600 रुपये से लेकर 18,000 रुपये तक रखी गई हैं। क्रिकेट प्रेमियों के बीच लोकप्रिय धोनी पवेलियन के टिकट की कीमत 10,000 रुपये बताई गई है। विंग ए, बी, सी और डी के लिए टिकट 2,000 से 3,500 रुपये, जबकि ईस्ट और वेस्ट हिल के लिए 1,600 रुपये और हॉस्पिटैलिटी व पवेलियन कैटेगरी में अधिकतम 18,000 रुपये तक की कीमत तय की गई है।
दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम परिसर में कुल छह टिकट काउंटर बनाए गए हैं, जिनमें चार आम दर्शकों के लिए और दो महिलाओं एवं दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित हैं। एक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट ही खरीद सकेगा। टिकट काउंटर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे, जिसमें दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा। ऑफलाइन टिकटों की बिक्री केवल 5 और 6 अक्टूबर को ही होगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए काउंटर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। हटिया डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस जवानों की तैनाती जेएससीए स्टेडियम के बाहर की गई है। पुलिसकर्मी कतार और आसपास के इलाके में लगातार निगरानी कर रहे हैं। टिकट काउंटर के बाहर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है, ताकि कतार को व्यवस्थित रखा जा सके और टिकटों की बिक्री शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो सके। टिकटों की कालाबाजारी और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए भी प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।
स्टेडियम की क्षमता और मैच की तैयारियां
जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स की सीटिंग क्षमता लगभग 35,000 से 40,000 दर्शकों की है, और इसमें 76 कॉर्पोरेट बॉक्स भी हैं। मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा, और मैच को लेकर झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) और रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दर्शकों के लिए टिकट, ऑफलाइन काउंटर, सुरक्षा, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।

