रांची: अखिल भारतीय सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रशिक्षुओं का फाउंडेशन कोर्स अब सिर्फ मसूरी में ही नहीं, झारखंड में भी होगा। लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी (LBSNAA), मसूरी ने रांची स्थित श्रीकृष्ण सिन्हा लोक संस्थान (SKIPA) में IAS का साढ़े तीन महीने का फाउंडेशन कोर्स कराने का प्रस्ताव दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मसूरी स्थित LBSNAA ने प्रस्ताव दिया है कि IAS का साढ़े तीन माह का फाउंडेशन कोर्स झारखंड के रांची स्थित श्रीकृष्ण सिन्हा लोक संस्थान में कराया जा सकता है। इसी कार्य के लिए महाराष्ट्र और तेलंगाना की राज्य प्रशासनिक प्रशिक्षण अकादमियों का भी चयन हुआ है।
संस्थान के निदेशक डॉक्टर मनीष रंजन ने कहा, “अखिल भारतीय सिविल सेवा के प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने के लिए झारखंड के प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान का चयन हुआ है। जल्द इस निमित्त आगे की कार्यवाही की जाएगी।”
क्यों चुना गया श्रीकृष्ण सिन्हा लोक संस्थान?
साल भर में संस्थान को बेहतर शिक्षण, गुणवत्ता और पर्यावरण के लिए ISO प्रमाणपत्र मिले हैं। राज्य और केंद्र के अधिकारियों के फाउंडेशन कोर्स तथा सेवाकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के उच्चस्तरीय संचालन के आधार पर ये प्रमाणपत्र दिए गए।
क्वालिटी रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (QRO) ने संस्थान के प्रशासनिक और अकादमिक ढांचे को वैश्विक स्तर पर मान्यता दी है। भारत सरकार के कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के दिशा-निर्देश पर संस्थान ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिससे इसकी राष्ट्रीय साख बढ़ी है।
यहां न सिर्फ सरकारी अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया है, बल्कि देश भर के प्रशिक्षण संस्थानों के लिए मास्टर ट्रेनर भी तैयार किए गए हैं। DoPT के राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पंजाब, तेलंगाना और मेघालय के अधिकारियों को भी यहां प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर फोकस
भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रशिक्षण आवश्यकता का वैज्ञानिक विश्लेषण, पाठ्यक्रम संरचना और प्रभावी प्रशिक्षण मॉड्यूल्स पर आधारित कार्यक्रम बनाए गए हैं। प्रशिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीक में दक्ष किया गया और प्रशिक्षण को व्यावहारिक बनाने के लिए कई प्रयोग किए गए।
यह विकास झारखंड के लिए गर्व की बात है, क्योंकि अब सिविल सेवा के प्रशिक्षु मसूरी के साथ रांची में भी अपना फाउंडेशन कोर्स पूरा कर सकेंगे।

