रांची: भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के रातू के दलादिली स्थित फार्म हाउस में कोबरा सांप मिलने से कर्मचारियों के बीच हलचल मच गई। फार्म हाउस परिसर में सांप दिखाई देने के बाद तत्काल स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पहले सांप की लोकेशन का जायजा लिया और फिर सावधानीपूर्वक काफी मशक्कत के बाद कोबरा को पकड़ लिया।
करीब 18 साल का बताया गया कोबरा
स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक के अनुसार, रेस्क्यू किया गया कोबरा करीब 18 साल पुराना बताया गया है। रेस्क्यू के दौरान सांप के शरीर पर मामूली चोट आई, जिसके बाद उसकी प्राथमिक देखभाल की गई।
इसके बाद कोबरा को फार्म हाउस परिसर से दूर सुरक्षित जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया। समय रहते रेस्क्यू हो जाने से किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।
रेस्क्यू की खबर सुनकर जुटी लोगों की भीड़
फार्म हाउस में कोबरा मिलने की खबर आसपास के लोगों तक पहुंची तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, रेस्क्यू टीम ने सावधानी बरतते हुए सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के दौरान किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
नारायण प्रमाणिक ने बताया कि उन्हें फोन पर धोनी के फार्म हाउस में कोबरा सांप के घुसने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेने के बाद रेस्क्यू शुरू किया। उन्होंने बताया कि सांप को पकड़ने में काफी सावधानी बरतनी पड़ी, लेकिन अंततः उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
सांप दिखे तो रेस्क्यू एक्सपर्ट को दें सूचना
स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट ने लोगों से अपील की है कि घर या रिहायशी इलाके में सांप दिखाई देने पर उसे मारने की कोशिश न करें। घबराने के बजाय तत्काल प्रशिक्षित रेस्क्यू एक्सपर्ट को सूचना दें।
उन्होंने कहा कि सावधानी और सही तरीके से रेस्क्यू करने पर इंसानों को खतरे से बचाने के साथ सांप की जान भी सुरक्षित रखी जा सकती है।

