अजय निराला/ उज्जवल दुनिया संवाददाता
हजारीबाग। अवैध कोयला खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को बड़ी कार्रवाई की। CISF इकाई NTPC-CMP, हजारीबाग ने CCL की तापिन परियोजना प्रबंधन के साथ संयुक्त छापेमारी कर कुल 168.130 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त किया। यह कार्रवाई रामगढ़ जिले के रंगूबेड़ा और इंद्रा-बासाडीह स्थित अवैध कोयला भंडारण स्थलों पर की गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4 बजे CISF को विश्वसनीय सूत्रों से अवैध कोयला भंडारण की सूचना मिली थी। इसके बाद CISF इकाई NTPC-CMP, हजारीबाग के उप कमांडेंट सुरेश के निर्देशन में तथा सहायक कमांडेंट संजीव कुमार मीणा की उपस्थिति में बल के जवानों ने छापेमारी की। अभियान में CCL हजारीबाग कोयला क्षेत्र की तापिन परियोजना के अधिकारी भी शामिल रहे।
इंद्रा-बासाडीह से 113.070 टन कोयला जब्त
छापेमारी के दौरान इंद्रा-बासाडीह से चार हाईवा वाहनों के माध्यम से लाए गए कोयले को जब्त किया गया। कोयले का वजन NTPC के कांटा घर में कराया गया, जहां कुल 113.070 मीट्रिक टन कोयला पाया गया। जब्त कोयले को CISF की निगरानी में NTPC पकरी-बरवाडीह परियोजना के स्टैकर-रीक्लेमर क्षेत्र में डंप कराया गया।
रंगूबेड़ा से 55.060 टन कोयला बरामद
इसके अतिरिक्त रंगूबेड़ा स्थित अवैध कोयला भंडारण स्थल से दो हाईवा वाहनों में कोयला लोड कराकर CCL की तापिन परियोजना ले जाया गया। वहां वजन कराने पर कुल 55.060 मीट्रिक टन कोयला पाया गया।
इस तरह दोनों स्थानों पर की गई संयुक्त कार्रवाई में कुल छह हाईवा वाहनों से संबंधित 168.130 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया गया।
अवैध कारोबार पर आगे भी जारी रहेगा अभियान
CISF ने कार्रवाई में सहयोग करने वाले स्थानीय ग्रामीणों की सराहना की। बल की ओर से कहा गया कि ग्रामीणों से मिलने वाली महत्वपूर्ण सूचनाएं अवैध कोयला खनन, भंडारण और परिवहन पर अंकुश लगाने में मददगार साबित हो रही हैं।
CISF ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है।



