HomeBiharअनंत सिंह की बेटी की शादी में वर्दी पहनकर खाना परोस रहा...

अनंत सिंह की बेटी की शादी में वर्दी पहनकर खाना परोस रहा था होमगार्ड, वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई

पटना: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी एक बार फिर चर्चा में है। इस बार शादी समारोह में तैनात एक होमगार्ड जवान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में होमगार्ड जवान पुलिस की वर्दी पहनकर मेहमानों को पत्तल बांटते और खाना परोसते दिखाई दे रहा है।

जवान की पहचान सतीश कुमार के रूप में हुई है। उसकी ड्यूटी शादी समारोह के आसपास यातायात व्यवस्था संभालने के लिए लगाई गई थी। आरोप है कि निर्धारित ड्यूटी निभाने के बजाय वह समारोह में मेहमानों को खाना परोसने में जुट गया।

वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक एसपी ने लिया एक्शन

मामला सामने आने के बाद यातायात पुलिस के अधिकारियों ने वायरल वीडियो का सत्यापन कराया। जांच में वीडियो सही पाए जाने के बाद ट्रैफिक एसपी ने जवान के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।

सतीश कुमार को तत्काल प्रभाव से पटना जिला मुख्यालय में क्लोज कर दिया गया है। साथ ही अगले आदेश तक उन्हें यातायात ड्यूटी से हटा दिया गया है। जवान को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। उसके जवाब और जांच के आधार पर आगे की अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

ड्यूटी छोड़ निजी समारोह में खाना परोसने का आरोप

जानकारी के अनुसार, विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को पटना जिले के बाढ़ क्षेत्र स्थित पैतृक गांव लदमा में हुई थी। शादी में बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। सतीश कुमार को भी कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी।

इसी दौरान उनका वीडियो सामने आया, जिसमें वह वर्दी पहने मेहमानों को पत्तल बांटते और भोजन परोसते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा।

यातायात पुलिस की छवि धूमिल होने की बात

यातायात पुलिस के अनुसार, ड्यूटी के दौरान निर्धारित जिम्मेदारी छोड़कर निजी समारोह में भोजन परोसना लापरवाही और अनुशासनहीनता का मामला है। इससे विभाग की छवि भी प्रभावित हुई है। इसी को देखते हुए जवान को यातायात ड्यूटी से हटाकर जिला मुख्यालय में क्लोज किया गया है।

फिलहाल जवान से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच पूरी होने के बाद उसके खिलाफ आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments