नई दिल्ली/मॉस्को: केरल के 17 वर्षीय युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) उद्यमी राउल जॉन अजू इन दिनों चर्चा में हैं। मॉस्को में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘AI Journey 2026’ के दौरान उनकी मुलाकात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हुई। इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। भारत के ‘AI किड’ के नाम से पहचाने जाने वाले राउल ने महज 17 साल की उम्र में अपनी टेक्नोलॉजी कंपनी शुरू की है।
राउल जॉन अजू को AI के क्षेत्र में उनके काम और तकनीकी प्रयोगों के लिए जाना जाता है। उनकी कंपनी AIRealm Technologies अब तक करीब 15 AI आधारित टूल विकसित कर चुकी है। इसके अलावा कंपनी के माध्यम से लगभग पांच लाख लोगों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल की ट्रेनिंग दिए जाने का दावा किया गया है। इनमें IIT और IIM जैसे संस्थानों के छात्र और विभिन्न कंपनियों में काम करने वाले पेशेवर भी शामिल हैं।
पुतिन ने पूछा- क्या AI बच्चों की सोचने की क्षमता कमजोर कर सकता है?
AI Journey 2026 सम्मेलन के दौरान पुतिन ने राउल से पढ़ाई में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर सवाल किया। उन्होंने पूछा कि क्या AI पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता बच्चों की सोचने और समझने की क्षमता को प्रभावित कर सकती है।
इस पर राउल ने कहा कि AI का इस्तेमाल इंसान की सोचने की क्षमता का विकल्प बनने के बजाय उसकी मदद करने के लिए होना चाहिए। उन्होंने बताया कि AI के जरिए बच्चों को उनकी रुचि और सीखने के तरीके के अनुसार पढ़ाया जा सकता है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि गणित जैसे विषयों को तस्वीरों, वीडियो और गेम के माध्यम से अधिक रोचक और सरल बनाया जा सकता है।
गेम के जरिए पढ़ाई का सुनाया किस्सा
बातचीत के दौरान राउल ने अपनी गणित की परीक्षा से जुड़ा एक किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा से एक दिन पहले वह गेम खेल रहे थे। इस पर उनके पिता ने पूछा कि अगले दिन परीक्षा होने के बावजूद वह गेम क्यों खेल रहे हैं। राउल ने जवाब दिया कि वह गेम के माध्यम से पढ़ाई कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक कक्षा में कई बच्चे होते हैं और हर बच्चे की सीखने की क्षमता तथा रुचि अलग-अलग होती है। ऐसे में AI व्यक्तिगत जरूरतों के अनुसार पढ़ाई को आसान बनाने में मदद कर सकता है।
पुतिन ने कहा- जानकारी याद करने के साथ उस पर सोचना भी जरूरी
राउल की बात सुनने के बाद पुतिन ने कहा कि बच्चों के लिए केवल जानकारी याद करना पर्याप्त नहीं है। उन्हें उस जानकारी पर विचार करना और खुद सोचकर निष्कर्ष तक पहुंचना भी सीखना चाहिए।
पुतिन ने AI पर अत्यधिक निर्भरता को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि AI को सहायक के रूप में इस्तेमाल करना ठीक है, लेकिन लोगों को अपनी सोचने और राय बनाने की क्षमता बनाए रखनी चाहिए। राउल ने भी AI को इंसानों की जगह लेने वाली तकनीक के बजाय उनकी क्षमताओं को बेहतर बनाने वाला माध्यम बताया।
पुतिन ने राउल के काम को मेक इन इंडिया से जोड़ा
बातचीत के अंत में पुतिन ने राउल के काम की सराहना करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ अभियान से जोड़ा। उन्होंने कहा कि युवाओं का अपने तकनीकी समाधान विकसित करना और उन्हें लागू करना इस अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में मदद करता है।
9 साल की उम्र से शुरू हुआ तकनीक का सफर
राउल की तकनीक में रुचि बचपन से रही है। उन्होंने करीब नौ साल की उम्र में वीडियो एडिटिंग से शुरुआत की थी। बाद में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बारे में खुद सीखना शुरू किया। स्कूल के विज्ञान प्रोजेक्ट के लिए उन्होंने ‘मीबॉट’ नाम का रोबोट भी बनाया था।
आगे चलकर उन्होंने AIRealm Technologies की स्थापना की। कंपनी AI आधारित टूल विकसित करने के साथ-साथ स्कूलों, कॉलेजों, कंपनियों और सरकारी संस्थानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित करती है।
राउल की पुतिन से मुलाकात ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया है। सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि नौ साल की उम्र में वीडियो बनाने से लेकर 17 साल की उम्र में रूस के राष्ट्रपति से मिलने तक का सफर उनके लिए किसी सपने जैसा है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अभी बहुत कुछ सीखना और करना है।

