HomeBreaking Newsहजारीबाग में अवैध कोयले पर सीआईएसएफ की एक और बड़ी कार्रवाई, 113.32...

हजारीबाग में अवैध कोयले पर सीआईएसएफ की एक और बड़ी कार्रवाई, 113.32 टन अवैध कोयला जब्त

अजय निराला/ उज्जवल दुनिया संवाददाता
हजारीबाग। अवैध कोयला खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सीआईएसएफ द्वारा चलाए जा रहे अभियान के क्रम में केऔसुब इकाई एनटीपीसी-सीएमपी हजारीबाग ने दिनांक 27 अगस्त 2026 समय दो बजे से 10.30 बजे रात तक एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम चपरी, थाना बड़कागांव, जिला हजारीबाग स्थित एक अवैध कोयला भंडारण स्थल से 113.32 टन अवैध कोयला जब्त किया।यह कार्रवाई विवेक शर्मा, वरिष्ठ कमाण्डेंट के नेतृत्व तथा उप कमाण्डेंट सुरेश कुमार एवं सहायक कमाण्डेंट संजीव कुमार मीणा की उपस्थिति में की गई। विश्वसनीय सूचना के आधार पर सीआईएसएफ की टीम द्वारा इकाई से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित सुदूर एवं दुर्गम वन क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्राम चपरी क्षेत्र में संदिग्ध अवैध कोयला भंडारण स्थल की सघन तलाशी एवं जांच की गई, जहां बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित कोयला बरामद हुआ। अभियान की गंभीरता को देखते हुए सीआईएसएफ द्वारा पर्याप्त संख्या में बल सदस्यों को तैनात कर क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान ग्राम चपरी में अवैध रूप से भंडारित कोयले को 05 हाईवा वाहनों के माध्यम से एनटीपीसी के कांटा घर तक लाकर विधिवत वजन कराया गया। वजन के दौरान कुल 113.32 टन कोयला पाया गया। जब्त कोयले को स्टॉकर-रीक्लेमर क्षेत्र में सुरक्षित रूप से डंप कर संरक्षित किया गया है। सीआईएसएफ द्वारा की गई इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि अवैध कोयला खनन, परिवहन, भंडारण एवं तस्करी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध सुरक्षा बल की निगरानी लगातार जारी है। विशेष रूप से सुदूर एवं वन क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित कोयला भंडारण एवं तस्करी की गतिविधियों पर सीआईएसएफ द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है। यह कार्रवाई खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के संशोधित प्रावधानों के अंतर्गत उपलब्ध वैधानिक अधिकारों के अनुसार की गई है। सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय संपत्ति एवं कोयला संसाधनों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अवैध कोयला खनन, परिवहन, भंडारण एवं तस्करी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर भविष्य में भी इसी प्रकार के सघन एवं प्रभावी अभियान जारी रहेंगे। केऔसुब इकाई एनटीपीसी सीएमपी हजारीबाग ने अवैध कोयला कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सरकारी/राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया है। इधर जानकार सूत्रों की माने तो सीआईएसएफ जोराकाठ में शीघ्र चेक नाका लगाने की तैयारी भी कर रही है। इसका मकसद साफ है कि अवैध कोयला,बालू का अवैध परिवहन पर पूर्ण रुप से प्रतिबंध लगाना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments