बोकारो: सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के सेक्टर-12E में जर्जर क्वार्टर का एक हिस्सा गिरने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों का गुस्सा BSL प्रबंधन के खिलाफ फूट पड़ा। स्थिति का जायजा लेने पहुंचे BSL के सिक्योरिटी विभाग के अधिकारी मनीष दीपांकर के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।
सूचना मिलने के बाद सेक्टर-12 थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारी को भीड़ के बीच से निकालकर थाने ले गई। अधिकारी ने एक व्यक्ति पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
जर्जर क्वार्टर का हिस्सा गिरने से मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि सेक्टर-12E में सुबह अचानक तेज आवाज के साथ जर्जर क्वार्टर का एक हिस्सा गिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
लोगों ने जर्जर क्वार्टरों की स्थिति को लेकर BSL प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। इसी बीच सूचना मिलने पर BSL सिक्योरिटी विभाग के अधिकारी मनीष दीपांकर रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मामले की प्रमुख बातें
- सेक्टर-12E में जर्जर क्वार्टर का हिस्सा गिरा।
- तेज आवाज के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
- घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
- BSL के सिक्योरिटी अधिकारी मनीष दीपांकर मौके पर पहुंचे।
- अधिकारी ने भीड़ द्वारा रोके जाने और मारपीट का आरोप लगाया।
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अधिकारी को भीड़ से बाहर निकाला।
- थाने में अधिकारी की इंजरी कराई गई।
- पुलिस लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
अधिकारी ने लगाया मारपीट का आरोप
मनीष दीपांकर के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद वह रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। उनका आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उन्हें कई घंटों तक रोककर रखा।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान मुकेश सिंह नाम के व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि आक्रोशित भीड़ में कुछ लोगों ने अधिकारी को थप्पड़ भी मारे।
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने पर सेक्टर-12 थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मनीष दीपांकर को भीड़ से निकालकर थाने ले गई।
पुलिस ने कराया मेडिकल, शिकायत का इंतजार
थाने पहुंचने के बाद मनीष दीपांकर की इंजरी कराई गई। पुलिस की ओर से उन्हें लिखित आवेदन देने को कहा गया है। फिलहाल मामले में औपचारिक शिकायत मिलने का इंतजार किया जा रहा है।
आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई: डीएसपी
घटना की जानकारी मिलने के बाद सिटी डीएसपी राजीव रंजन भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वहीं, जर्जर क्वार्टर का हिस्सा गिरने के बाद BSL प्रबंधन की ओर से इन भवनों की स्थिति को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर भी लोगों की नजर बनी हुई है।

