HomeBreaking Newsछात्रों के मुद्दे पर भाजपा की ओर से आहूत चारदिवसीय राज्यव्यापी आंदोलन...

छात्रों के मुद्दे पर भाजपा की ओर से आहूत चारदिवसीय राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी पूरी

-8 से लेकर 11 सितंबर तक 24 जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन के साथ डीसी एवं एसपी कार्यालय का घेराव करेगी भाजपा
-प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के अन्य वरीय नेता विभिन्न जिलों में संभालेंगे मोर्चा
-उज्जवल दुनिया संवाददाता
रांची। जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ भाजपा ने राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी पूरी कर ली है। छात्रों के समर्थन में पार्टी 8 से 11 सितंबर तक चार दिवसीय आंदोलन चलाएगी। इस दौरान राज्य के 24 जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने के साथ डीसी और एसपी कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।

भाजपा की ओर से आंदोलन के लिए विभिन्न जिलों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और मधु कोड़ा समेत कई प्रमुख नेता अलग-अलग जिलों में आंदोलन का नेतृत्व करेंगे।

इन मांगों को लेकर आंदोलन
भाजपा का कहना है कि जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल समेत भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पार्टी ने शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, परीक्षा में गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।

प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी के अनुसार, पार्टी ने पहले मुख्य सचिव के माध्यम से राज्य सरकार को छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने का अल्टीमेटम दिया था। भाजपा का आरोप है कि सरकार की ओर से इस पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद राज्यव्यापी आंदोलन का फैसला लिया गया।

किस जिले में कब होगा प्रदर्शन?
8 सितंबर: रांची, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और गढ़वा में प्रदर्शन होगा।
9 सितंबर: कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा में आंदोलन होगा।
10 सितंबर: सरायकेला, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा में प्रदर्शन किया जाएगा।
11 सितंबर: रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा और जामताड़ा में आंदोलन होगा।

वरिष्ठ नेताओं को मिली अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू 8 सितंबर को रांची, 9 सितंबर को सरायकेला और 11 सितंबर को खूंटी में आंदोलन में शामिल होंगे।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी 8 सितंबर को दुमका, 9 सितंबर को पाकुड़, 10 सितंबर को साहिबगंज और 11 सितंबर को गोड्डा में मोर्चा संभालेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास 8 सितंबर को हजारीबाग, 10 सितंबर को धनबाद और 11 सितंबर को लोहरदगा में कार्यक्रम में शामिल होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा 8 सितंबर को जमशेदपुर, 9 सितंबर को बोकारो और 11 सितंबर को रामगढ़ में आंदोलन का नेतृत्व करेंगे।

एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव 9 सितंबर को सिमडेगा, 10 सितंबर को गुमला और चाईबासा तथा 11 सितंबर को गिरिडीह में मौजूद रहेंगे। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ 8 सितंबर को गढ़वा पहुंचेंगे।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय 10 सितंबर को चतरा और 11 सितंबर को जामताड़ा, जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश 9 सितंबर को पलामू और 10 सितंबर को लातेहार में आंदोलन में शामिल होंगे। मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल 9 सितंबर को कोडरमा और पूर्व मंत्री नीरा यादव 11 सितंबर को देवघर के कार्यक्रम में शामिल होंगी।

जिलावार संयोजकों की भी नियुक्ति
आंदोलन को सफल बनाने के लिए भाजपा ने जिलावार संयोजकों की भी नियुक्ति की है। रांची और देवघर की जिम्मेदारी गणेश मिश्रा, सरायकेला की बालमुकुंद सहाय, खूंटी की नीलकंठ सिंह मुंडा, दुमका की सुनील सोरेन और पाकुड़ की कृष्णा महतो को दी गई है।

साहिबगंज के लिए अनंत ओझा, गोड्डा और धनबाद के लिए दिलीप वर्मा, हजारीबाग, गढ़वा और पलामू के लिए भानु प्रताप शाही, लोहरदगा के लिए अमित सिंह, सिमडेगा के लिए मुनेश्वर साहू और गुमला के लिए मनीर उरांव को जिम्मेदारी मिली है।

इसके अलावा गिरिडीह में सरोज सिंह, चाईबासा में गीता कोड़ा, जमशेदपुर में आभा महतो, बोकारो में अमर कुमार बाउरी, रामगढ़ में राकेश प्रसाद, चतरा में अमरदीप यादव, जामताड़ा में सुनील सोरेन, लातेहार में मनीर उरांव और कोडरमा में शालिनी बैसखियार आंदोलन की जिम्मेदारी संभालेंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments