Author: ujjwalduniyapress

  • रघुवर सरकार के दौरान 53 हजार करोड़ कहां खर्च हुए, नहीं बता रहे विभाग

    उज्ज्वल दुनिया /रांची । झारखंड सरकार के विभिन्न विभाग पूर्व की रघुवर सरकार के दौरान हुए 53 हजार 379 करोड़ रुपए का हिसाब नहीं दे रहे हैं। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। सीएजी ने इस राशि की धोखाधड़ी की आशंका जताई है। इसलिए समय-सीमा निर्धारित कर इसके तहत उपयोगिता प्रमाण-पत्र जमा नहीं करने वाले विभागों और निकायों का अनुदान रोकने की अनुशंसा की गई है।

    वित्तीय वर्ष 2019 के लिए जारी सीएजी के लेखा परीक्षा प्रतिवेदन में 12 महीने में सभी बकाया उपयोगिता प्रमाण-पत्रों को उपलब्ध कराने की ताकीद की गई है। बकाया उपय़ोगिता प्रमाण-पत्रों का बड़ा हिस्सा पांच विभागों का है। इसके तहत शहरी विकास विभाग के पास 12 हजार 232 करोड़ 71 लाख, मानव संसाधन विकास विभाग के पास 11 हजार 781 करोड़ 58 लाख, कल्याण विभाग के पास कुल चार हजार 772 करोड़ 79 लाख, कल्याण विभाग के पास दो हजार 71 करोड़ 84 लाख, कृषि, पशुपालन और सहकारिता विभाग के पास एक हजार 250 करोड़ 65 लाख का उपयोगिता प्रमाण-पत्र बकाया है। केवल वर्ष 2018-19 में कुल 19 हजार 545 करोड़ 33 लाख रुपए का उपयोगिता प्रमाण-पत्र बकाया हो गया है।

    मजदूरों के कल्याण में नहीं दिए 473 करोड़ 

    मजदूरों के कल्याण के नाम पर ठेकेदारों से वसूले गए सेस के 473 करोड़ 48 लाख रुपए खर्च नहीं किए गए। श्रम विभाग ने मजदूरों के कल्याण की 22 योजनाएं ही बंद कर दी। इस कारण धन का उपयोग नहीं हो सका। इस कारण मजदूरों के कल्याण के नाम पर वसूली गई यह राशि झारखंड भवन और अन्य निर्माण कल्याण बोर्ड को नहीं दी जा सकी।

    विकास का 20 हजार करोड़ नहीं खर्च कर पाए विभाग 

    सीएजी की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2018-19 में राज्य सरकार के सभी विभाग मिलकर विकास के लिए मिले अनुदानों में 20 हजार 223 करोड़ रुपया नहीं खर्च कर पाए। इस कारण कल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजना में संरचनागत प्रबंधन का महत्वपूर्ण लक्ष्य नहीं पूरा किया जा सका। पशुपालन य़ोजनाओं में अनुदान की 56 फीसदी और सहकारिता य़ोजनाओं की 62.5 फीसदी राशि खर्च नहीं की जा सकी। नागरिक उड्डयन के विस्तार के लिए मिली राशि में से 89.10 फीसदी नहीं खर्च की जा सकी।

  • खूँटी में नक्सलियों ने की पोस्टरबाजी, दहशत

    उज्ज्वल दुनिया /खूंटी: नक्सली संगठन भाकपा माओवादी ने गांव से लेकर शहर के बीचों-बीच पोस्टरबाजी कर खूंटी पुलिस को खुली चुनौती देने का काम किया है । खूंटी के अलावा अड़की थाना अंतर्गत नौढ़ी, पुरनाडीह, बुधुडीह समेत आसपास के गांव और सड़कों पर पोस्टरबाजी हुई है ।

    व्यवसाइयों और आम लोगों में चर्चा 

    पोस्टरबाजी से शहरवासियों में नक्सली खौफ झलक रहा है । शहर के व्यवसाई भी डरे सहमे हैं और आपस में चर्चा कर रहे हैं । व्यवसायी खुद को अब असुरक्षित महसूस करने लगे हैं, क्योंकि पिछले दो महीनों के भीतर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पोस्टरबाजी की घटना हुई है । नक्सलियों ने पोस्टरबाजी कर बताया है कि किसानों की जमीन पर जबरन अधिग्रहण कर डैम, नहर निर्माण, खाद्यह्न फैक्ट्री बनाने के सरकारी साजिश के खिलाफ जनता एकजुट होकर आंदोलन करें । पीएलएफआई/एसपीओ को भगाने के लिए जनता पीएलजीए में भर्ती हो जाए ।

    क्या कहते हैं एसपी ?

    शहर में नक्सलियों की पोस्टरबाजी से पुलिस पर सवाल उठ रहा है । एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि पोस्टर को जब्त कर लिया गया है और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया गया है ।

  • कृषि सुधार विधेयक मोदी सरकार का ऐतिहासिक कदम

    उज्ज्वल दुनिया /रांची ।  भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री और रांची के विधायक सीपी सिंह ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस सहित यूपीए गठबंधन दलों पर कड़ा हमला बोला। सीपी सिंह मोदी सरकार द्वारा पारित कृषि सुधार विधेयक पर प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।

    राहुल गांधी ने भी वादा किया था 

    सीपी सिंह ने कहा कि विधेयक के विरोध में कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कृषि सुधार की बात कही परंतु आज वह विरोध कर रही है। 2013 में राहुल गांधी ने कहा था कि कांग्रेस शाषित राज्यों में फल एवम सब्जियों को एपीएमसी एक्ट से बाहर रखेंगे, परंतु आज वे इसी बदलाव का विरोध कर रहे हैं। सीपी सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने 55 वर्षों के शाषण में किसानों को सशक्त करने हेतु कुछ नही किया। कर्ज माफी में भी घोटाला किया। कांग्रेस पास न सोच है न इच्छाशक्ति।

    कांग्रेस और बिचौलिय कर रहे किसानों को गुमराह

    उन्होंने कहा कि मोदी जी ने कृषि और किसानों की उन्नति के लिये ऐतिहासिक कार्य किए हैं । यूपीए शासन में कृषि बजट 12 हजार करोड़ था जिसे बढ़ाकर मोदी जी ने 1लाख 34 हजार करोड़ किया। किसान सम्मान निधि में अबतक 92 हजार करोड़ किसानों के खाते में सीधे ट्रांसफर किया गया है। किसानों के लोन केलिये 8लाख करोड़ के स्थान पर 15 लाख करोड़ की व्यवस्था की गई।प्रधानमंत्री किसान मानधन के तहत 60 वर्ष के किसानों केलिये 3000 रुपये प्रति माह पेंशन का प्रावधान किया गया। एमएसपी की बात करें तो 6 वर्षों में यूपीए सरकार से दोगुना 7 लाख करोड़ किसानों को भुगतान किया गया।

    कृषि सुधार विधेयक को किसानों के लिये हितकारी बताते हुए सीपी सिंह ने कहा कि विरोधियों द्वारा जो भ्रम फैलाये जा रहे वह बिल्कुल निराधार और गलत है। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार के विवाद का निपटारा के लिये 30 दिनों की समय सीमा निर्धारित की गई है। डिजिटल विनिमय से पारदर्शिता बढ़ेगी।

    किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलता रहेगा,वन नेशन, वन मार्केट से अब किसान अब अपनी फसल कहीं भी किसी से बेच सकेगा,करार से किसानों को निर्धारित दाम पाने की गारंटी होगी,लेकिन किसान को किसी करार से बांधा नही जा सकेगा,किसान बिना कोई पेनाल्टी के किसी मोड़ पर करार से बाहर जा सकेगा,करार फसलों का होगा,जमीन का नही,इसमे जमीन की गिरवी,बिक्री और लीज पर पूरी तरह निषिद्ध है।

    प्रेसवार्ता में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक उपस्थित थे।

  • बिरसा ब्लड बैंक मामले में निचली अदालत में चल रही सुनवाई पर रोक

    हाईकोर्ट के जस्टिस आनंदा सेन की अदालत ने दिया आदेश  

    उज्ज्वल दुनिया /रांची ।  रांची के चर्चित बिरसा ब्लड बैंक पर खून चढ़ाने के मामले में रांची निचली अदालत में चल रही सुनवाई पर हाईकोर्ट के जस्टिस आनंदा सेन की अदालत ने गुरुवार को रोक लगा दिया है ।
     बिरसा ब्लड बैंक पर वर्ष 2018 में ड्रैग इंस्पेक्टर पूनम तिर्की के शिकायत पर बरियातू थाना में बिरसा ब्लड के संजय सिंह व अन्य सात लोगों पर कांड संख्या 81/2018 दर्ज कराया गया था।  पुलिस ने छह लोगों पर चार्जशीट कर दिया था । रांची के एजेसी 2 स्वयंभू कुमार की अदालत में सुनवाई चल रही थी ।
    ब्लड बैंक के अधिवक्ता अभिषेक कृष्ण गुप्ता ने यह कहते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर किया था कि ड्रग एन्ड कॉस्मेटिक एक्ट में एफआईआर करने का प्रावधान ही नही है तो कैसे मामला दर्ज कर चार्जशीट कर दी गई ? जिसकी याचिका संख्या सीआर एमपी 1495/2020 दायर किया गया था । जिसकी सुनवाई में गुरुवार को जस्टिस आनंदा सेन ने निचली अदालत में चल रहे ट्रायल पर रोक लगा दिया है ।

  • फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज : प्रधानमंत्री मोदी ने दिया फिटनेस मंत्र

    फिट इंडिया मूवमेंट की वर्षगांठ पर विराट कोहली, मिलिंद सोमन सहित सात प्रतिभागियों से की बात 

    नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को फिट और स्वस्थ्य रहने का एक नया मंत्र दिया। फिट इंडिया अभियान की पहली वर्षगांठ के मौके पर आयोजित संवाद में उन्होंने कहा- ‘फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज’ के मंत्र को अपना कर लोग स्वस्थ्य रहने के साथ फिट रह सकते हैं। उन्होंने इस मौके पर क्रिकेटर विराट कोहली, मॉडल और अभिनेता मिलिंद सोमन, फूड एक्सपर्ट रुजुता दिवेकर, मुकुल कनितकर, स्वामी शिवाध्यानम सरस्वती, अफशान आशिक और देवेन्द्र झाझारिया से उनके फिटनेस मंत्र व उनके अनुभव को जाना।
    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि फिट इंडिया संवाद आम जन की भागीदारी के साथ भारत को एक स्वस्थ्य राष्ट्र बनाने की दिशा में किया जा रहा है। उन्होंने फिट इंडिया मूवमेंट की पहली वर्षगांठ पर सभी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। मोदी ने कहा कि देश में फिटनेस और स्वास्थ्य को लेकर लोगों में जागरुकता बढ़ रही है। योग, आसन, व्यायाम, हेल्दी लाइफ स्टाइल अब लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुके हैं। इस अभियान के एक साल के पिछले छह महीने तो लोगों का समय घर पर ही बीता, लेकिन इस मूवमेंट ने बताया कि यह इतना मुश्किल काम नहीं है जितना लगता है। थोड़े से परिश्रम से ही लोग फिट रह सकते हैं। 

    फिटनेस पर नया मंत्र देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज के अनुसरण मात्र से ही लोग आरोग्य हो सकते हैं। बस आधा घंटा बैंटमिंटन, कराटे, कब्बडी जैसे कोई भी खेल अपना कर स्वस्थ्य रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि संसार में श्रम, सफलता, भाग्य सबकुछ आरोग्य पर निर्भर करता है। स्वास्थ्य है तभी भाग्य है और सफलता है। जब हम नियमित रूप से व्यायाम करते हैं तभी स्वस्थ्य होने का आत्मविशवास आता है। जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों में सफलता दिलाता है। यही बात परिवार और समाज पर भी लागू होता है। इस महामारी में फिजिकल फिटनेस व इमोशनल बॉंडिंग, म्यूचुअल समझ आपस की ताकत बनी।

    प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से आग्रह किया कि सभी एक-दूसरे की मदद करें। इस अभियान से लोगों को जोड़ें।

  • भीमा कोरेगांव हिंसा: वकील सुधा भारद्वाज की जमानत याचिका खारिज

    नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने भीमा कोरेगांव हिंसा मामले की आरोपी वकील सुधा भारद्वाज की जमानत याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस यूयू ललित की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि अगर आप स्वास्थ्य के आधार पर जमानत मांग रही हैं तो हम जमानत नहीं दे सकते क्योंकि आपकी मेडिकल रिपोर्ट में ऐसी कोई गंभीर समस्या का जिक्र नहीं है जिसका इलाज जेल में रहते संभव नहीं है।

    सुधा भारद्वाज ने स्वास्थ्य आधार पर ज़मानत मांगी थी। सुनवाई के दौरान सुधा भारद्वाज की वकील वृंदा ग्रोवर ने कहा कि वे पिछले दो सालों से जेल में बंद हैं। उनकी उम्र 58 साल है। तब कोर्ट ने कहा कि आपने मेडिकल रिपोर्ट देखा है। तब ग्रोवर ने कहा कि सुधा भारद्वाज को डायबिटीज है जो कोरोना के संक्रमण के लिए खतरनाक है। तब कोर्ट ने कहा कि लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक वो ठीक हैं। तब ग्रोवर ने कहा कि सुधा भारद्वाज को हार्ट की भी बीमारी है। अभी तक आरोप भी तय नहीं किए गए हैं। सुधा भारद्वाज को अंतरिम जमानत दी जाए। जब वो ठीक हो जाएंगी तो फिर सरेंडर कर देंगी।

    कोर्ट ने पूछा कि जांच को लेकर क्या प्रगति है। तब ग्रोवर ने कहा कि आपराधिक साजिश रची गई है। सुधा भारद्वाज नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी दिल्ली में पढ़ाती हैं। उनकी अंतरराष्ट्रीय पहचान है। उनके फोन से कोई आपत्तिजनक चीजें बरामद नहीं की जा सकी हैं। तब कोर्ट ने ग्रोवर से कहा कि आप मेरिट के आधार पर जमानत के लिए याचिका दायर कीजिए। अगर आप हमारे पास केवल स्वास्थ्य आधार पर जमानत मांग रही हैं तो हम मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जमानत नहीं दे सकते हैं। कोर्ट ने वृंदा ग्रोवर से कहा कि आप केस के तथ्यों के आधार पर जमानत याचिका दाखिल कीजिए।

  • रोग प्रतिरोधक क्षमता को विकसित करते हैं योग, व्यायाम व खेलकूद : नड्डा

    नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि योग, व्यायाम एवं खेलकूद ना सिर्फ हमारे शरीर को स्फूर्ति प्रदान करते हैं बल्कि रोग प्रतिरोधक क्षमता को विकसित करते हैं।

    नड्डा ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘फिट इंडिया’ की प्रथम वर्षगांठ पर ‘फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज’ का मंत्र दिया। यह मंत्र हम सभी को जीवनभर स्वस्थ बनाए रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देगा।”

    नड्डा ने कहा कि ‘जितना फिट होगा इंडिया उतना हिट होगा इंडिया’। उन्होंने कहा कि योग, व्यायाम एवं खेलकूद ना केवल हमारे शरीर को स्फूर्ति प्रदान करते हैं बल्कि रोग प्रतिरोधक क्षमता को विकसित करते हैं। आइए फिटनेस को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।

    उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फिट और स्वस्थ्य रहने का एक नया मंत्र दिया। फिट इंडिया अभियान की पहली वर्षगांठ के मौके पर आयोजित संवाद में उन्होंने मंत्र दिया कि फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज के मंत्र को अपना कर लोग स्वस्थ्य रहने के साथ फिट रह सकते हैं।

  • कोरोना की वजह से इंटरनेशनल गोवा फिल्म फेस्टिवल टला

    नई दिल्ली। कोरोना के कारण नवम्बर में गोवा में होने वाले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (इफ्फी) को टाल दिया गया है। पहले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन 20 से 28 नवम्बर, 2020 के बीच होना था, लेकिन अब इसका आयोजन 16 से 24 जनवरी 2021 के बीच होगा। इस बारे में सूचना व प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत के बीच बैठक हुई जिसमें फिल्म फेस्टिवल के तारीखों के बारे में चर्चा की गई।

    सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बताया कि 51वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म उत्सव (इफ्फी) इस साल 20 से 28 नवम्बर की जगह अब अगले साल 16 से 24 जनवरी तक गोवा में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रकाश जावड़ेकर ने बताया कि भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) का आयोजन डिजिटिल और प्रत्यक्ष दोनों तरीके से होगा। फेस्टिवल में कोरोना से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।

  • रिम्स में प्लाज्मा दान करने वाले चिकित्सकों को स्वास्थ्य मंत्री ने किया सम्मानित

    उज्ज्वल दुनिया /रांची ।  झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता बुधवार को रिम्स परिसर पहुंचे। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने प्लाज्मा डोनेट कर चुके चिकित्सकों को सम्मानित किया. साथ ही कहा कि डिपार्टमेंट में जितने भी योद्धा सेवा करते हुए मानवीय दृष्टिकोण से परमात्मा का काम कर रहे हैं और जिसने भी प्लाज्मा डोनेट किया है, वो सम्मान के काबिल हैं।

    आम लोग प्लाज्मा डोनेट करने के लिए आगे आएं 

    स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि जितना भी स्टाफ कोरोना से जंग जीतने के लिए सेवा कर रहा है, उनकी शहादत हो नहीं भुलाया जा सकता है। मंत्री ने राज्य की जनता से अपील भी की है कि जो भी कोरोना पॉजिटिव होकर ठीक हो गए हैं, उन्हें प्लाज्मा डोनेट के लिए आगे आना चाहिए।

    प्लाज्मा थेरेपी में झारखंड दसवें नंबर पर 

    स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा उनका ब्लड ग्रुप ए नेगेटिव है और वो बहुत जल्दी प्लाज्मा डोनेट करेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे भारतवर्ष में प्लाज्मा थेरेपी में झारखंड राज्य दसवें स्थान पर है। जांच में भी राज्य अच्छा कार्य कर रहे हैं। साथ ही राज्य का रिकवरी रेट भी काफी अच्छा है।

    स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन का पालन करें। सोशल डिस्टेंसिंग और थोड़ी सी सावधानी से बचा सकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि झारखंड राज्य में रिकवरी रेट और बढ़ेगा।

  • शिक्षामंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने मैट्रिक और इंटर के टॉपर को सौंपी कार की चाभी

    उज्ज्वल दुनिया /रांची । झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) द्वारा संचालित मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा के टॉपर को शहीद विनोद बिहारी महतो की जयंती पर बुधवार को पुरस्कृत किया गया। मैट्रिक परीक्षा में टॉपर नेतरहाट आवासीय विद्यालय के मनीष कुमार और इंटरमीडिएट परीक्षा में अव्वल रहें गिरिडीह के अमित कुमार को विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो और शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो ने कार की चाबी सौंपी।

    पैसे से ज्यादा संस्कार पर ध्यान दें मां-बाप

    विधानसभा परिसर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रवींद्र कुमार महतो ने कहा कि मौजूदा सामाजिक परिवेश में लोग अपने बच्चे को कमाऊ पुत्र बनाने की होड़ में लगे है, लेकिन उनका यह मानना है कि बच्चों में नैतिक गुण को भी बढ़ावा मिल सके।

    नैतिक गुणों का होना जरुरी 

    उन्होंने कहा कि बच्चे बढ़ लिखकर, डॉक्टर, इंजीनियरिंग, शिक्षक और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी जरूर बने, लेकिन उनमें नैतिक गुण का होना जरूरी है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास में शिक्षकों की भूमिका काभी महत्वपूर्ण होती है, वे बच्चों के संतुलित विकास में सहयोग दें, विद्यार्थियों के माइंड के साथ बॉडी व स्प्रीट विकास में भी शिक्षकों का योगदान काफी महत्वपूर्ण है।

    शिक्षामंत्री अगले वर्ष के टॉपरों को गोद लेने की घोषणा की

    इस मौके पर शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने इस मौके पर समारोह को संबोधित करते हुए यह घोषणा की कि अगले वर्ष से जो टॉपर होंगे, वे उन बच्चों को गोद लेंगे, ताकि वे आगे चलकर प्रशासनिक सेवा में या अन्य क्षेत्र में आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि जब टॉपरों को कार देने की घोषणा उन्होंने की थी, तो लोगों ने इसका मजाक उड़ाया और कहा कि यह सिर्फ घोषणा भर है। लेकिन वे सिर्फ घोषणा नहीं करते है, बल्कि जो बात करते है, उसे पूरी भी करते है।

    उन्होंने कहा कि इंटरमीडिएट के तीनों संकायों में एक टॉपर को आज सम्मानित किया जा रहा है, लेकिन शेष बचे दो संकाय के टॉपरों को भी वे पढ़ने में अपनी ओर से हरसंभव मदद करेंगे, उनकी पढ़ाई को जारी रखने में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी, वे खुद उन मेधावी परीक्षार्थियों के घर जाएंगे और उनसे मिलकर उन्हें प्रोत्साहित करेंगे।

    शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य के किसी भी बच्चें को यदि पढ़ाई जारी रखने में कोई दिक्कत आती है, तो वे उनसे संपर्क कर सकते है, वे व्यक्तिगत रूप से भी हरसंभव मदद करने को तैयार नहीं है। वे क्षेत्रवाद या जात-पात की राजनीति नहीं करते है, झारखंड और जमात की राजनीति करते है, जो भी मदद की जरुरत होगी, वे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की परेशानियों को दूर करने के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि वे खुद भी एक छात्र के रूप में इंटर की पढ़ाई के लिए नामांकन ले चुके है, वे भी टॉपर कर सकते है।

    शिक्षामंत्री जगरनाथ महतो ने मैट्रिक व इंटर के रिजल्ट प्रकाशन के पूर्व ही इसकी घोषणा की थी। इसके अलावा शिक्षा मंत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र के टॉपर विद्यार्थी को मोटरसाइकिल तथा 75 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को साइकिल देने की भी बात कही थी, जिसके बाद उन्होंने अपने डुमरी विधानसभा क्षेत्र के मैट्रिक में 75 फीसदी से अधिक अंक लाने वाली छात्राओं को साईकिल और टॉपर को मोटरसाईकिल देकर पुरस्कृत किया।