HomeBreaking Newsअंबा प्रसाद के समर्थन में उतरे कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश...

अंबा प्रसाद के समर्थन में उतरे कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, आवास पहुंचकर की मुलाकात

रांची। बड़कागांव की पूर्व विधायक और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद के सरकारी आवास को सील किए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अब कांग्रेस का प्रदेश नेतृत्व भी उनके समर्थन में खुलकर सामने आ गया है। बुधवार को कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश एचईसी परिसर स्थित अंबा प्रसाद के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने अंबा प्रसाद से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और उनके प्रति समर्थन जताया।

इस दौरान आवास परिसर में लिट्टी-चोखा बनाया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक साथ बैठकर भोजन किया। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। समर्थकों ने सवाल उठाया कि एचईसी परिसर में कई पूर्व विधायक और पूर्व पदाधिकारी अब भी सरकारी आवासों में रह रहे हैं, तो फिर कार्रवाई केवल अंबा प्रसाद के खिलाफ ही क्यों की गई। उन्होंने इसे पक्षपातपूर्ण कार्रवाई बताते हुए आवास की सील खोलने की मांग की।

आवास सील करने की कार्रवाई पर उठाए सवाल

अंबा प्रसाद के समर्थन में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठन भी सामने आए हैं। लोकहित जनअधिकार पार्टी के कपिल कुमार साहू समेत ओबीसी संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध किया। वहीं, कांग्रेस से जुड़े पूर्व सैनिक कैप्टन एचएन यादव ने भी अंबा प्रसाद का समर्थन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी गठबंधन सरकार को बदनाम करने की मंशा से काम कर रहे हैं।

विरोध कर रहे नेताओं और संगठनों ने आवास की सील तत्काल खोलने, सरकारी आवास आवंटन की पात्रता की समीक्षा के लिए स्वतंत्र कमेटी गठित करने और सभी पूर्व जनप्रतिनिधियों पर समान नियम लागू करने की मांग की।

पार्टी के समर्थन से मिला बल : अंबा प्रसाद

इस दौरान अंबा प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और महिला प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो के समर्थन से उन्हें काफी बल मिला है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता लगातार उनके संपर्क में हैं और उन्हें पूरा सहयोग दे रहे हैं।

अंबा प्रसाद ने आरोप लगाया कि उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया और उन्हें निशाना बनाकर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरे मामले को गंभीरता से समझ रही है और उन्हें विश्वास है कि इस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि 7 नवंबर को रांची जिला प्रशासन ने पुराना विधानसभा के एचईसी परिसर स्थित अंबा प्रसाद के सरकारी आवास पर ताला लगा दिया था। इसके विरोध में अंबा प्रसाद आवास के बाहर ही धरने पर बैठ गई थीं। इसके बाद से यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक चर्चा का विषय बना हुआ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments