राखियों का धागा सैनिकों के लिए रक्षा कवच का काम करेगाः राजनाथ सिंह
नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड युद्ध स्मारक शौर्य स्थल के अध्यक्ष तरुण विजय ने आज नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को उत्तराखंड के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा हस्तनिर्मित राखियां लद्दाख एवं अन्य सीमावर्ती मोर्चों पर तैनात वीर सैनिकों के लिए प्रदान कीं। ये राखियां सेना द्वारा मोर्चों पर तैनात सैनिक भाइयों तक दो अगस्त तक पहुंच जाएंगी।
रुण विजय ने बताया कि प्रतिवर्ष वे देश के विभिन्न क्षेत्रों से राखियां एकत्र कर सैनिकों तक पहुंचाते हैं। इस कार्य में तमिलनाडु के स्वयंसेवकों और थिरूवल्लुवर के अनुयायियों द्वारा भी सहायता दी जाती है। हालांकि तमिलनाडु में राखी का त्योहार नहीं होता है। इस वर्ष कोरोना के कारण संख्या कुछ कम रही। 13 हज़ार राखियां तमिलनाडु से, पांच हज़ार उत्तराखंड से, आठ हज़ार दिल्ली सेवा भारती की बहनों द्वारा बना कर राजनाथ सिंह को दी गयीं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन राखियों का धागा सैनिकों के लिए रक्षा कवच का काम करेगा। इन बहनों का स्नेह हमारे सैनिकों का मनोबल बढ़ाएगा। यह स्नेह और शक्ति के धागे उनके लिए बहन की ओर से शत्रुओं को परास्त करने तथा स्वस्थ सुरक्षित घर लौटने का आशीर्वाद है।