रांची: शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देश के पूर्व राष्ट्रपति, महान दार्शनिक और भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने राज्य के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को शिक्षक दिवस की बधाई, शुभकामनाएं और जोहार दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। शिक्षा के क्षेत्र में मौजूद कमियों को दूर करते हुए प्रभावी सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षा के तौर-तरीकों में भी बदलाव जरूरी है और नई तकनीक को शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनाना समय की मांग है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक शिक्षण प्रक्रिया को अधिक आसान, प्रभावी और विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से छात्रों को उनकी क्षमता और आवश्यकताओं के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना है। इसके साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, मूल्यों और जड़ों से जोड़कर रखना भी जरूरी है। उन्होंने शिक्षक दिवस पर राज्य के सभी शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं और जोहार दिया।

