Tag: Reviewed

  • रामगढ़ में डीसी ने जिला आपूर्ति विभाग की समीक्षा में दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश

    उज्ज्वल दुनिया, रामगढ़ (मनोज मिश्र)। रामगढ़ में शनिवार को उपायुक्त माधवी मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला आपूर्ति कार्यालय की समीक्षा बैठक हुई।

    इसमें उपायुक्त के पूछे जाने पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में वर्तमान में 666 पीडीएस दुकानें संचालित हैं।

    उपायुक्त ने सभी डीलरों को ऑनलाइन माध्यम से ही राशन का वितरण करने का निर्देश दिया।

    साथ ही जिला आपूर्ति पदाधिकारी को नियमित रूप से जन वितरण प्रणाली की दुकानों का निरीक्षण करने एवं लाभुकों को उपलब्ध कराए जा रहे राशन की जांच करने का निर्देश दिया।

     

    इसके साथ ही उन्होंने मासिक जांच प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से अनुमंडल पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

    राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लोगों को उपलब्ध कराए जा रहे राशन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिन लाभुकों की ओर से विगत छह माह में एक बार भी राशन का उठाव नहीं किया गया है, उनकी जांच करते हुए राशन कार्ड निरस्त करने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

    वहीं निरस्त किए गए राशन कार्ड का लाभ जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रह रहे योग्य लोगों को देने का निर्देश दिया।

    उपायुक्त ने जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रह रहे पीवीटीजी ग्रुप के लोगों के बीच सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे राशन की जानकारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी से लेने के बाद सभी को नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

    उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को एफसीआई के गोदाम से निर्धारित समय पर खाद्यान्न का उठाव करने एवं उसके बाद जेएसएफसी के गोदामों के माध्यम से जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जन वितरण प्रणाली की दुकानों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

    उन्होंने सभी सहायक गोदाम प्रबंधकों को प्रतिदिन समय से गोदाम खोलने का निर्देश दिया।

    उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी से धान अधिप्राप्ति के संबंध में हुए कार्यों की जानकारी ली।

    जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने उपायुक्त को बताया कि धान अधिप्राप्ति के लिए सरकार से निर्धारित 1,25,000 क्विंटल के विरुद्ध जिला प्रशासन की ओर से 1,10,000 क्विंटल की खरीदारी की गई है।

    साथ ही धान को संबंधित मिलों में भेज दिया गया। उपायुक्त ने धान अधिप्राप्ति के बाद किसानों को किए जाने वाले भुगतान की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए जल्द से जल्द सभी लाभुकों को राशि उपलब्ध करा देने का निर्देश दिया।

    उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को नियमित रूप से दाल भात केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेने का निर्देश दिया।

    बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, पणन पदाधिकारी पतरातू, सहायक गोदाम प्रबंधक, परिवहन अभिकर्ता सहित कई कर्मी भी उपस्थित थे।

  • मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने की 20 सूत्री कार्यक्रमों की समीक्षा, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

    उज्ज्वल दुनिया, हजारीबाग(अजय निराला)। श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री झारखंड सरकार एवं 20 सूत्री प्रभारी मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने हजारीबाग जिला समाहरणालय में बैठक की।

    डीसी आदित्य आनंद की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंत्री ने डीडीसी, सभी विभाग के कार्यपालक अभियंता, सिविल सर्जन एवं अन्य अधिकारियों को कड़े शब्दों में दिशानिर्देश देते हुए कहा कि सरकार किसान एवं मजदूरों, युवाओं, बेरोजगारों, महिला सशक्तीकरण आदि पर गंभीरता से काम कर रही है।

    ऐसे में किसी किस्म की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
    सरकारी योजनाओं के ठेकेदारों की बिचौलियों से मिलीभगत होने की सूचना पर अविलंब उनके खिलाफ अधिकारी कठोर कारवाई करें।

    बैठक में राजद के जिलाध्यक्ष संजर मलिक ने कहा कि हजारीबाग डेली मार्केट में कुछ भू-माफिया दुकानों का सौदा ऊपर से ही कर लेते हैं।

    इस कारण नगर निगम को सरकारी राजस्व का नुकसान हो रहा है।

    उन्होंने मंत्री से अनुरोध किया कि डेली मार्केट का सौंदर्यीकरण किया जाए।

    साथ ही नए वार्डों में नागरिक सुविधा बहाल किया जाए।

    उन्होंने वर्षों से उदासीन मोहम्मद अली लाइब्रेरी, कांग्रेस ऑफिस रोड की दुर्दशा, वार्ड-21 में पानी निकासी की समस्या, सरकारी डॉक्टरों के अस्पताल में कम निजी क्लिनिक संचालन में अधक समय देने आदि विषयों पर चर्चा की।

    बाद में विनोबा भावे विश्वविद्यालय के वीसी डॉ मुकुल देव नारायण ने मंत्री को विशेष आमंत्रित अतिथि के तौर पर यूनिवर्सिटी में पौधरोपण कराया।

    साथ ही विज्ञान भवन का भ्रमण कराते हुए अतिथि भवन में गुलदस्ता, मोमेंटो एवं शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया।

    वहां बरकट्ठा विधायक अमित यादव, बरही विधायक अकेला यादव और राजद जिला अध्यक्ष संजर मलिक को भी सम्मानित किया गया।

    बैठक में राजद जिलाध्यक्ष संजर मल्लिक, युवा राजद अध्यक्ष रघुनाथ कुमार राणा, बसंत कुमार मेहता, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह, जेएमएम जिलाध्यक्ष शंभूलाल यादव, रूचि कुजूर आदि उपस्थित थे।