Tag: Ramgarh

  • झारखंड के रामगढ़ में एक और सड़क हादसा : मांडू में बिहार के दो युवकों की मौत

    उज्ज्वल दुनिया, मांडू(रामगढ़)। झारखंड के रामगढ़ जिले में अभी सुबह के सड़क हादसे में बच्चा समेत पांच कार सवारों के जिंदा जलने के बाद उनकी पहचान तक नहीं हो पायी है, वहीं मांडू में दूसरी बड़ी दुर्घटना हो गई।

    मांडू प्रखंड में रांची-पटना मार्ग पर कुजू फोरलेन के पास डिवाइडर से टकराकर कार पलटने से बिहार के दो युवकों की मौत हो गई।

    वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सदर अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया है।

    जानकारी के मुताबिक मृतक दोनों युवक बिहार के शेखपुरा निवासी थे। इनमें एक सुरेंद्र सिंह का पुत्र गोलू कुमार था, जिसकी उम्र लगभग 28 वर्ष के करीब थी।

    वहीं दूसरा युवक प्रमोद सिंह का 26 वर्षीय पुत्र मोहित कुमार था। घायलों में टिसू कुमार व दीपक झा के अलावा एक और युवक है।

    फिलहाल घटनास्थल पर कुजू ओपी की पुलिस पहुंची है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

  • रामगढ़ के लारी में बड़ा हादसा : बस

    उज्ज्वल दुनिया, गोला(रामगढ़), मनोज मिश्र। रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित लारी में बुधवार की सुबह करीब 9.30 बजे बड़ा हादसा हुआ है।

    इसमें बस और कार की टक्कर में कार सवार पांच लोग जिंदा जल गए। इसमें एक बच्चा भी शामिल है। नंबर से बिहार की गाड़ी बताई जा रही है।

    मौके पर दमकल से दोनों वाहनों में लगी आग पर काबू पाया जा सका।

     

    बताया जाता है कि रामगढ़ की ओर से बोकारो जा रही वैगन आर में एक बच्चा समेत पांच लोग सवार थे। विपरीत दिशा से महाराज बस आ रही थी।

    दोनों के बीच एनएच-23 पर लारी पनशाला के पास जोरदार टक्कर हुई और फिर वाहनों में आग लग गई।

    आग की लपटें इतनी तेज थी कि कार में पांचों सवार जिंदा जल गए।

    कार का नंबर बीआर 01 बीडी 6318 है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि यह बिहार की गाड़ी थी।

    बहरहाल मौके पर पुलिस पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

    बस पर भी कई सवारों को चोट लगी है। कार सवारों की पहचान नहीं की जा सकी है।

  • प्रेस क्लब रामगढ़ में पांच लाख से बनेगा शौचालय, विधायक ममता देवी ने किया शिलान्यास

    उज्जवल दुनिया, रामगढ़ (मनोज मिश्र)। रामगढ़ शहर स्थित प्रेस क्लब परिसर में शनिवार को शिलान्यास समारोह का आयोजन हुआ।

    इसमें बतौर मुख्य अतिथि रामगढ़ विधायक ममता देवी शामिल हुईं।

    उन्होंने प्रेस क्लब परिसर में विधायक मद की पांच लाख रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक शौचालय का शिलान्यास किया।

    इससे पूर्व विधायक का स्वागत प्रेस क्लब अध्यक्ष मनोज सिंह और उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटेल ने बुके देकर किया।

    अध्यक्षीय भाषण में मनोज सिंह ने कहा कि विधायक ने प्रेस क्लब रामगढ़ भवन के निर्माण में आगे बढ़ी हैं, इसके लिए प्रेस क्लब उनका आभार जताता है।

     

    साथ ही भविष्य में आगे भी सहयोग की अपेक्षा है।

    विधायक ममता देवी ने कहा कि संसाधन के अभाव में उन्होंने राजनीति जीवन की शुरुआत की थीं।

    प्रेस के साथियों ने हमेशा उनकी आवाज बुलंद की। आज वह जहां भी हैं, प्रेस के साथियों का महत्वपूर्ण योगदान है।

    पत्रकार भी कमजोर की आवाज बन कर सामाजिक कार्य करते हैं।

    प्रेस क्लब रामगढ़ को पांच लाख की योजना शुरुआत है। भविष्य में भी हमेशा प्रेस क्लब रामगढ़ को हर संभव सहयोग करेंगी।

    समारोह का संचालन कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह विधायक प्रतिनिधि मुकेश यादव और धन्यवाद ज्ञापन प्रेस क्लब रामगढ़ के कोषाध्यक्ष तरुण बागी ने किया।

    मौके पर मुख्य रूप से प्रेस क्लब के सचिव योगेंद्र सिन्हा, संयुक्त सचिव शिव मनोज कुमार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुन्ना पासवान, स्वास्थ्य विभाग के विधायक प्रतिनिधि कमलेश कुमार महतो, नगर अध्यक्ष संजय साव, पत्रकार व्यास शर्मा, प्रदीप राज बबलू, दिलीप सिंह, अंकित कुमार, आशीष सिंह, उमेश सिन्हा, झूलन अग्रवाल, केके तिवारी, राजेश सिंह, कृष्ण कुमार, विनीत शर्मा, मनोज पुझर, भरत महतो, सुनील करमाली, गौरीशंकर महतो, सुरेश पटेल आदि मौजूद थे।

  • रामगढ़ में डीसी ने जिला आपूर्ति विभाग की समीक्षा में दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश

    उज्ज्वल दुनिया, रामगढ़ (मनोज मिश्र)। रामगढ़ में शनिवार को उपायुक्त माधवी मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला आपूर्ति कार्यालय की समीक्षा बैठक हुई।

    इसमें उपायुक्त के पूछे जाने पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में वर्तमान में 666 पीडीएस दुकानें संचालित हैं।

    उपायुक्त ने सभी डीलरों को ऑनलाइन माध्यम से ही राशन का वितरण करने का निर्देश दिया।

    साथ ही जिला आपूर्ति पदाधिकारी को नियमित रूप से जन वितरण प्रणाली की दुकानों का निरीक्षण करने एवं लाभुकों को उपलब्ध कराए जा रहे राशन की जांच करने का निर्देश दिया।

     

    इसके साथ ही उन्होंने मासिक जांच प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से अनुमंडल पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

    राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लोगों को उपलब्ध कराए जा रहे राशन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिन लाभुकों की ओर से विगत छह माह में एक बार भी राशन का उठाव नहीं किया गया है, उनकी जांच करते हुए राशन कार्ड निरस्त करने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

    वहीं निरस्त किए गए राशन कार्ड का लाभ जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रह रहे योग्य लोगों को देने का निर्देश दिया।

    उपायुक्त ने जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रह रहे पीवीटीजी ग्रुप के लोगों के बीच सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे राशन की जानकारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी से लेने के बाद सभी को नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

    उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को एफसीआई के गोदाम से निर्धारित समय पर खाद्यान्न का उठाव करने एवं उसके बाद जेएसएफसी के गोदामों के माध्यम से जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जन वितरण प्रणाली की दुकानों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

    उन्होंने सभी सहायक गोदाम प्रबंधकों को प्रतिदिन समय से गोदाम खोलने का निर्देश दिया।

    उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी से धान अधिप्राप्ति के संबंध में हुए कार्यों की जानकारी ली।

    जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने उपायुक्त को बताया कि धान अधिप्राप्ति के लिए सरकार से निर्धारित 1,25,000 क्विंटल के विरुद्ध जिला प्रशासन की ओर से 1,10,000 क्विंटल की खरीदारी की गई है।

    साथ ही धान को संबंधित मिलों में भेज दिया गया। उपायुक्त ने धान अधिप्राप्ति के बाद किसानों को किए जाने वाले भुगतान की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए जल्द से जल्द सभी लाभुकों को राशि उपलब्ध करा देने का निर्देश दिया।

    उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को नियमित रूप से दाल भात केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेने का निर्देश दिया।

    बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, पणन पदाधिकारी पतरातू, सहायक गोदाम प्रबंधक, परिवहन अभिकर्ता सहित कई कर्मी भी उपस्थित थे।

  • रामगढ़ में पुस्तक वितरण की जांच का आदेश, डीसी ने शिक्षा अधिकारियों को ऐसे किया मोटिवेट

    उज्ज्वल दुनिया, रामगढ़(मनोज मिश्र)। रामगढ़ में मंगलवार को डीसी माधवी मिश्रा ने जिला समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की।

    उन्होंने कहा कि किसी भी समाज को सही दिशा में ले जाने के लिए शिक्षा एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

    इसलिए यह बहुत जरूरी है कि सभी अधिकारी नौनिहालों को सही शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए अपना पूरा योगदान दें।

    डीसी ने बच्चों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे लाभ की जानकारी ली।

    उन्होंने शिक्षा विभाग की ओर से जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रह रहे बच्चों को समग्र शिक्षा अभियान के तहत उपलब्ध कराए गए किताबों की जानकारी ली।

    उन्होंने सभी अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करने एवं बच्चों को उपलब्ध कराए गए किताबों की जांच करने का आदेश दिया।

    साथ ही बच्चों को उपलब्ध कराए गए यूनिफॉर्म, स्कूल किट आदि की जानकारी लेते हुए महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए।

    लॉकडाउन के दौरान बच्चों को डिजिटल माध्यम से शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए अब तक किए गए पंजीकरण कार्यों की जानकारी सभी बीइइओ एवं अन्य प्रखंड स्तरीय अधिकारियों से ली।

    इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को इस कार्य में विशेष ध्यान देने एवं निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध जल्द से जल्द शत-प्रतिशत बच्चों का निबंधन कराने का निर्देश दिया।

    मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना के तहत रामगढ़ जिले में अब तक हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए डीसी ने सभी अधिकारियों को शत प्रतिशत योग्य विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ देने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

    अगर किसी कारण से अब तक कुछ बच्चों का बैंक खाता नहीं खुल पाया है, तो जल्द सभी बच्चों का खाता खुलवाने का निर्देश दिया।

    डीसी ने रामगढ़ जिले के अलग-अलग प्रखंडों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कई निर्देश दिए।

    लॉकडाउन में बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे मिड डे मील के संबंध में हो रहे कार्यों की जानकारी ली एवं राज्य सरकार द्वारा प्राप्त निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए कार्य करने का निर्देश दिया।

    डीइओ को रामगढ़ जिले में लॉकडाउन के दौरान बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य चलाए जा रहे लॉकडाउन ई-पाठशाला डीसी रामगढ़ के यू-ट्यूब चैनल के संबंध में अब तक हुए कार्यों की जानकारी दी गई।

    बैठक में रिवॉल्यूशनरी यूथ फाउंडेशन से अमर कुमार सिंह ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से डीसी को लॉकडाउन ई-पाठशाला के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी दी।

    डीसी ने रामगढ़ जिले में बनाए जा रहे सेंट्रलाइज किचन के कार्य प्रगति की समीक्षा की।

    बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, एडीपीओ, एपीओ, एई, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

  • बिना रूके, बिना थके जनहित के कार्यों को अंजाम देने में जुटी हैं रामगढ़ डीसी माधवी मिश्रा

     

     

     

    उज्ज्वल दुनिया, रामगढ़ (मनोज मिश्र)। जनहित से जुड़े कार्य डीसी माधवी मिश्रा के लिए सर्वोपरि है। तभी तो अवकाश के दिन रविवार को भी उन्होंने बिना थके, बिना रूके हर दिन की तरह जिले की गतिविधियों के बारे में जानकारी लेती रहीं।

    उनकी यह पहल निश्चित तौर पर अन्य अधिकारियों अथवा कर्मियों के लिए भी अनुकरणीय है, चूंकि जो स्थिति फिलहाल है, तो कोरोना की तीसरी लहर कब आ जाए, कोई नहीं जानता। वह छुट्टी या वर्किंग डे देखकर तो आती नहीं।

    ऐसे में अगर पहले से सजग और सतर्क रहें, तो अबूझ वायरस का मुकाबला बेहतर तरीके से कर पाएंगे।

    शायद यही वजह है कि रामगढ़ की डीसी माधवी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से जिले के किसानों को केसीसी का लाभ देने और कोरोना संक्रमण की रोकथाम लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा की।

    डीसी ने परियोजना निदेशक आत्मा प्रवीण कुमार सिंह से जिले के अलग-अलग प्रखंडों में किसान क्रेडिट कार्ड के तहत अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली।

    डीसी ने प्रखंडवार बीडीओ से निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक पूर्ण कर लिए गए कार्यों की समीक्षा की।

    वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान डीसी ने जिला अग्रणी प्रबंधक और सभी बीडीओ को सभी किसानों को केसीसी का लाभ देने के लिए जल्द से जल्द प्रखंड स्तरीय बैंकर्स कमेटी की बैठक करने और सभी आवेदनों का निष्पादन करने का निर्देश दिया।

    इस दौरान डीसी ने एसडीओ मो जावेद हुसैन को नियमित रूप से सभी बीडीओ के साथ किसान क्रेडिट कार्ड के संबंध में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करने का निर्देश दिया।

    बैठक के दौरान डीसी ने सभी अंचल अधिकारियों को केसीसी का लाभ लेने के लिए प्राप्त आवेदनों के वेरिफिकेशन के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए।

    डीसी ने जिले में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए हो रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सिविल सर्जन डॉ गीता सिन्हा मानकी एवं जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ सत्य प्रकाश से जिले में प्रतिदिन की जा रही कोरोना जांच, जांच किट की उपलब्धता आदि की जानकारी ली।

    इस दौरान डीसी ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जिले में प्रतिदिन की जा रही कोरोना जांच की संख्या बढ़ाने एवं बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य भीड़भाड़ वाले स्थलों पर कोरोना जांच शिविर का आयोजन करने का निर्देश दिया।

    कोरोना से बचाव के लिए सरकार की ओर से जारी दिशा निर्देशों के पालन की समीक्षा करते हुए डीसी ने एसडीओ को नियमित रूप से जिले के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मास्क चेकिंग अभियान चलाने तथा सामाजिक दूरी का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

    इस दौरान उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सरकारी गाइडलाइन का अनुपालन नहीं करते हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई करें।

    वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में डीडीसी, एसडीओ, सिविल सर्जन, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, परियोजना निदेशक आत्मा, जिला अग्रणी प्रबंधक, डीपीएम एनएचएम, डीडीएम, मैनेजर आईटी, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी बीडीओ, सीओ एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

  • सीएम हेमंत सोरेन के पैतृक गांव पहुंचीं रामगढ़ की डीसी माधवी मिश्रा, विकास कार्यों का लिया जायजा

    उज्ज्वल दुनिया, गोला (रामगढ़) मनोज मिश्र। रामगढ़ की डीसी माधवी मिश्रा गुरुवार को गोला प्रखंड का दौरा किया।

    इस दौरान सबसे सबसे पहले उपरबरगा पंचायत अंतर्गत सीएम हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा गांव में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया।

    इस दौरान डीडीसी ने डीसी को नेमरा गांव में अलग-अलग विभागों से विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को दिए जा रहे लाभ की जानकारी दी।

    नेमरा गांव में डीसी ने सरकारी विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं पेयजल, शौचालय प्रधानमंत्री आवास योजना, आंगनबाड़ी केंद्र, पेंशन योजनाओं आदि का निरीक्षण कर अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिए।

    मौके पर डीसी ने गोला बीडीओ को प्रखंड के सभी क्षेत्रों में आधार केंद्रों का संचालन सुचारु रूप से करने का निर्देश दिया।

    बाद में डीसी ने गोला अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व संबंधित कार्यों की समीक्षा की।

    इस दौरान उन्होंने गोला सीओ को सरकार से जारी दिशा निर्देशों एवं निर्धारित समय सीमा में लोगों को म्यूटेशन सहित अन्य राजस्व संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

  • रामगढ़ में लगाए जा रहे 500 लीटर प्रति मिनट की क्षमता वाले ऑक्सीजन प्लांट, डीसी का निरीक्षण

    उज्ज्वल दुनिया, रामगढ़(मनोज मिश्र)। कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए जिला प्रशासन रामगढ़ की ओर से सभी तरह की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तेजी से काम किया जा रहा है।

    इसी क्रम में मंगलवार को डीसी माधवी मिश्रा ने सदर अस्पताल रामगढ़ में लगाए जा रहे ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया।

    इस दौरान डीसी ने सिविल सर्जन डॉ गीता सिन्हा मानकी एवं उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉक्टर उदय कुमार श्रीवास्तव से ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।

     

    डीसी को जानकारी दी गई कि वर्तमान में सदर अस्पताल रामगढ़ में 500 लीटर प्रति मिनट की क्षमता वाले ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण किया जा रहा है।

    मौके पर डीसी ने ऑक्सीजन प्लांट के लिए चिह्नित स्थल का निरीक्षण करते हुए जल्द से जल्द ऑक्सीजन प्लांट चालू करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए।

    मौके पर चिकित्सा पदाधिकारी सदर अस्पताल रामगढ़, डीपीएम एनएचएम, अस्पताल प्रबंधक सदर अस्पताल रामगढ़, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं सदर अस्पताल में कार्यरत कर्मियों सहित कई लोग उपस्थित थे।

    जनता की सुनी समस्याएं, अधिकारियों को जल्द समाधान करने का दिया निर्देश

    रामगढ़ में डीसी माधवी मिश्रा ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से अपनी समस्याओं को लेकर उनसे मिलने आए लोगों से मुलाकात की।

    इस दौरान लोगों ने भूमि, शिक्षा, स्थानांतरण प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति सहित अपनी अन्य समस्याओं से डीसी को अवगत कराया।

    उसके बाद डीसी ने संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को मामलों के जल्द निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

  • दुखद : इस विषैले सांप ने बुझा दिए घर के चिराग, मौके पर मासूम भाई

    उज्ज्वल दुनिया, गोला(रामगढ़)। रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत बारघुटू गांव में बीती रात विषैले सांप के काटने से सगे भाई बहन की मौत हो गई।

    घटना से परिवार समेत पूरा गांव शोक में है। लोगों ने सरकार से आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजे की मांग की है।

     

    बताया जाता है कि गांव के रोहित महतो की नौ साल की बेटी शांति कुमारी और छह साल का बेटा मनोहर कुमार एक बेड पर सो रहे थे।

    इस दौरान एक जहरीले सांप ने दोनों को डंस लिया, जिससे मौके पर ही दोनों मासूमों ने दम तोड़ दिया।

    आजसू पार्टी के केंद्रीय सदस्य अशोक कुमार ने कहा कि इस घटना से पीड़ित परिवार के साथ पूरे गांव के लोग दुखी हैं। इस गरीब परिवार को सरकार से आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा दी जानी चाहिए।

  • पहली ही बैठक में दिखा विकास कार्यों के प्रति जज्बा और जुनून, लंबित मामलों को निबटाने की धुन

    उज्ज्वल दुनिया, रामगढ़(मनोज मिश्र)। विकास योजनाओं से संबंधित पहली ही बैठक में गुरुवार को रामगढ़ की डीसी माधवी मिश्रा में विकास कार्यों के प्रति जज्बा और जुनून दिखा।

    समाहरणालय सभागार में जिले के सभी प्रखंडों के बीडीओ और सीओ को यह नसीहत मिल गई कि लेटलतीफी नहीं चलेगी। कार्यों को जल्द निबटाने की संस्कृति हर हाल में बहाल करनी होगी।

    डीसी के दिशानिर्देश में लंबित मामलों को जल्द से जल्द निबटाने का जो धुन दिखा, उन्होंने अपनी कार्यशैली का एक तरह से संदेश दे दिया।

    बैठक के दौरान डीसी ने सभी बीडीओ-सीओ से संक्षिप्त परिचय लेते हुए उनके क्षेत्रों में संचालित हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।

    उन्होंने जिले में मनरेगा के तहत संचालित बागवानी समेत विभिन्न योजनाओं से सुदूरवर्ती क्षेत्र के योग्य लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

    प्रधानमंत्री आवास योजना के नियमित निरीक्षण, कार्यों की समीक्षा और लंबित आवासों का काम जल्द से जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया।

    इसके साथ ही डीसी ने सभी बीडीओ को उनके क्षेत्र से संबंधित जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र की भी समीक्षा और ससमय प्रमाण पत्र निर्गत करने का निर्देश दिया।

    साथ ही क्षेत्र में चल रहे आधार केंद्रों का संचालन ससमय करने का निर्देश दिया।

    अंचल कार्यालयों से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी से सभी सीओ को उनके अंचल में कार्यरत कर्मियों के साथ नियमित रूप से बैठक, लंबित मामलों की समीक्षा और उनका निष्पादन करने का निर्देश दिया।

    सभी सीओ को म्यूटेशन कार्यों पर विशेष ध्यान देने एवं सरकार की ओर से तय समय सीमा के अंदर मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया।

    सभी बीडीओ-सीओ को मुख्यालय में रहकर कार्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

    बैठक में डीडीसी नागेंद्र कुमार सिन्हा, एसडीओ मो. जावेद हुसैन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी लिली एनोला लकड़ा, प्रभारी पदाधिकारी डीआरडीए मनरेगा, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राजस्व तथा डीआरडीए कार्यालय के कर्मियों सहित कई लोग उपस्थित थे।