नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम दिल्ली मेट्रो से सफर कर दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में शामिल होने पहुंचे। पीएम मोदी करीब 6:58 बजे येलो लाइन स्थित विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आम यात्रियों के बीच मेट्रो की यात्रा की और बच्चों से बातचीत भी की।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन और उसके आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी। साथ ही आसपास के रास्तों पर निगरानी बढ़ाने के साथ यात्रियों की सघन जांच की गई।
SRCC अपने 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शताब्दी समारोह आयोजित कर रहा है। प्रधानमंत्री का दौरा इसी ऐतिहासिक अवसर पर हुआ। कार्यक्रम को लेकर दिल्ली पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बल, विश्वविद्यालय प्रशासन और मेट्रो प्रबंधन के बीच समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई थी। शनिवार शाम विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी नजर आई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिल्ली मेट्रो से यात्रा का सिलसिला काफी पहले शुरू हुआ था। 25 अप्रैल 2015 को उन्होंने पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में दिल्ली मेट्रो से सफर किया था। उस दौरान वह धौला कुआं से द्वारका गए थे, जहां उन्हें नेशनल इंटेलिजेंस अकादमी के एक कार्यक्रम में शामिल होना था। सड़क मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के कारण आम लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए उन्होंने मेट्रो से यात्रा करने का विकल्प चुना था।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो के सफर के अनुभव को साझा करते हुए इसे पसंद किया था। समय-समय पर वह मेट्रो से यात्रा करते हुए नजर आए हैं।
नरेंद्र मोदी का SRCC से भी पुराना जुड़ाव रहा है। वह 2013 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए कॉलेज पहुंचे थे और वहां छात्रों को संबोधित किया था। करीब 13 साल बाद प्रधानमंत्री के तौर पर उनका दोबारा SRCC परिसर पहुंचना संस्थान के लिए खास मौका माना जा रहा है। कॉलेज के शताब्दी वर्ष के समारोह और शिक्षक दिवस के अवसर के साथ इस कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया है।

